बहन की शादी का कार्ड बांटने जा रहे दो सगे भाइयों की ट्रक से कुचलकर मौत; फोरलेन पर मची चीख-पुकार

हिन्दुस्तान, मनोज सिंह, बक्सर
Follow us on Google News
share

Bihar News: बक्सर के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बहन की शादी का कार्ड बांटने जा रहे दो सगे भाइयों की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा देवकुली गांव के पास आरा-बक्सर फोरलेन पर हुआ है।

बहन की शादी का कार्ड बांटने जा रहे दो सगे भाइयों की ट्रक से कुचलकर मौत; फोरलेन पर मची चीख-पुकार

Road Accident In Bihar News: मंगलवार की सुबह बक्सर-आरा फोरलेन पर ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के देवकुली गांव के समीप एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई अपनी बहन की शादी का कार्ड बांटने निकले थे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत करनामेपुर स्थित लालू के डेरा निवासी बृजबिहारी पासवान के दो पुत्र, गणेश पासवान और मुन्ना पासवान, मंगलवार सुबह अपनी बाइक से निकले थे। वे अपनी बहन की शादी का कार्ड रिश्तेदारों को देने देवकुली की ओर जा रहे थे।

तेज रफ्तार ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर

जैसे ही उनकी बाइक देवकुली गांव के समीप फोरलेन पर पहुँची, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई बाइक समेत काफी दूर तक घिसटते चले गए और मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार होने में सफल रहा। सड़क पर पड़े लहूलुहान शवों को देखकर वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे फोरलेन पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जैसे ही यह खबर शाहपुर स्थित उनके गांव पहुँची, परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। बदहवास परिजन भागते हुए घटनास्थल पर पहुँचे।

ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने सड़क पर लगे जाम को हटवाया और यातायात सुचारू कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना के बाद वाहन सहित चालक भाग निकला है, जिसकी पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की है।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। वर्तमान में वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'हिन्दुस्तान' की बिहार टीम के लिए राजनीति, क्राइम और जनसरोकार से जुड़ी बड़ी खबरों को बेहद आक्रामकता और गहराई के साथ कवर कर रहे हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।