
वो आखिरी बारात; शादी समारोह से लौट रहे युवकों पर रफ्तार का कहर, रोड पर पड़े रहे शव
दोनों युवक सीतामढ़ी के नानपुर के रूदौली गांव बारात गए हुए थे और देर रात घर लौट रहे थे। रास्ते में हादसे में उनकी मौत हो गई।
बिहार के मुजफ्फरपुर में बारात से लौट रहे दो लड़कों को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। घटना सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर-पुपरी हाईवे पर मौराहा पुल के समीप की है। मुजफ्फरपुर के औराई थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर बेसी निवासी बाइक सवार दो युवकों की इस हादसे में मौत हो गई। मरने वालों की पहचान सोहन पंडित के पुत्र रोशन पंडित (19) और जयकिशोर दास के पुत्र जितेंद्र दास (22) के रूप में की गई है।
औराई के घनश्यामपुर पंचायत के मुखिया रामजन्म सोनू और राजकुमार साह ने बताया कि दोनों युवक छह फरवरी को नानपुर के रूदौली गांव बारात गए हुए थे और देर रात घर लौट रहे थे। शनिवार की सुबह दोनों शवों को देखकर ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची नानपुर पुलिस ने मामले की छानबीन की। नानपुर थानेदार रुपेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया गया है। थानेदार ने बताया कि क्षतिग्रस्त बाइक जब्त कर ली गई है।
दोनों मृतकों के मोबाइल व पैसा सुरक्षित है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि जितेंद्र दास की शादी नौ मई को तय थी। इकलौते पुत्र की मौत से परिजनों में चीख-पुकार मची है। सोहन पंडित ने बताया कि रिश्तेदारी में शादी थी, जिसमें रोशन और जितेंद्र बारात गए थे। दोनों राजमिस्त्री का काम करते थे। इधर, शाम पांच बजे दोनों युवकों के शवों को गांव लाया गया, जहां दोनों का दाहसंस्कार कर दिया गया।
स्कॉर्पियो की ठोकर से बुजुर्ग जख्मी
साहेबगंजबाजार स्थित अशोक चौक के समीप शुक्रवार देर शाम स्कॉर्पियो की ठोकर से 63 वर्षीय भाग्यनारायण सिंह जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया।
अनियंत्रित ट्रक पलटा
दरभंगा फोरलेन पर शनिवार को काशी रामपुर पेट्रोल पंप के समीप अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी लेन पर पलट गया। गनीमत रही कि कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। चालक गायघाट के बेरुआ निवासी वरुण कुमार सहनी ने बताया कि मुजफ्फरपुर के नारायणपुर से पशु आहार लेकर ट्रक गुवाहाटी जा रहा था। थानेदार श्रीकांत चौरसिया ने बताया कि ट्रक को सड़क से हटवा दिया गया है।
सड़क हादसे में 3 घायल
चांदपुर में शनिवार रात दो बाइक टकरा गई। हादसे में तीन लोग जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल धरफरी निवासी रंजीत कुमार राम, नबी अली और देवरिया मिसकारी टोला निवासी शबीर अली को देवरिया स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। मुखिया अमोद शर्मा ने बताया कि तीनों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
ट्रक चालक की मौत
सारण जिले के सोनपुर में सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। मृतक गरहां थाने की लोहसरी पंचायत के सनाठी डीह निवासी दिनेश भगत का 35 वर्षीय पुत्र विकास था। वह बिहार ड्राइवर महासंघ का प्रखंड अध्यक्ष था। पुलिस ने हाजीपुर में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पिता, मां किरण देवी, पत्नी चांदनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें



