पटना में एक हफ्ते के अंदर खुले चैंबर में गिरकर दूसरी बच्ची की मौत, नौबतपुर में हादसा

Feb 20, 2026 07:19 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान, पटना
share

गांव के लोगों की नजर नौबतपुर के सदीशोपुर विक्रम रोड तक जाने वाले नाले के एक खुले चैंबर पर पड़ी। उन्होंने चैंबर में झांक कर देखा तो बच्ची का बैग नजर आया। जिसके बाद ग्रामीणों ने चैंबर में पाइप लगाकर नाले से पानी को निकालना शुरू किया।

पटना में एक हफ्ते के अंदर खुले चैंबर में गिरकर दूसरी बच्ची की मौत, नौबतपुर में हादसा

पटन में नौबतपुर के सरासत गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में गुरुवार को पढ़ने गई ढाई वर्ष की बच्ची की खुले नाले के चैंबर में गिरने से मौत हो गई। हाल ही में फुलवारीशरीफ के ईसापुर गांव में दो वर्षीय बच्ची की खुले नाले में गिरने से मौत की घटना के पांच दिन बाद इस दर्दनाक घटना से एक बार फिर प्रशासन की लापरवाही नजर आई। सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद परिजनों ने चैंबर से बच्ची के शव को बाहर निकाला। इसे लेकर पीडब्ल्यूडी विभाग के प्रति ग्रामीणों में काफी आक्रोश दिखा। स्थानीय लोगों ने मौत के लिए जिम्मेवार अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा की मांग की है।

बच्ची की पिता राकेश कुमार गांव में रहकर मजदूरी का काम करते हैं। उनकी बेटी रिया कुमारी आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने जाती थी। पिता ने बताया कि दोपहर 12:00 बजे तक वह घर लौटी जाती थी। गुरुवार की दोपहर जब बच्ची घर नहीं लौटी तो अनहोनी की आशंका पर उसकी तलाश शुरू की गई। आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचने के बाद वहां की सेविका ने बताया कि पढ़ने के बाद बच्ची घर चली गई। केंद्र से बच्ची के घर की दूरी मात्र 100 मीटर है। जिसके बाद परिजनों बच्ची की तलाश शुरू की। लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चला।

इसी बीच परिजनों को लगा कि गांव में टैटू बनाने आई दो महिलाएं बच्ची को चुरा कर ले भाग गई है। जिसके बाद परिवार के लोगों ने बच्ची के लापता होने की लिखित शिकायत नौबतपुर थाने में दी। इस बीच परिवार के सदस्यों के साथ ही गांव के लोग क्षेत्र में बच्ची की तलाश करते रहे।

इसी क्रम में गांव के लोगों की नजर नौबतपुर के सदीशोपुर विक्रम रोड तक जाने वाले नाले के एक खुले चैंबर पर पड़ी। उन्होंने चैंबर में झांक कर देखा तो बच्ची का बैग नजर आया। जिसके बाद ग्रामीणों ने चैंबर में पाइप लगाकर नाले से पानी को निकालना शुरू किया। पानी सूखने पर बच्ची का शव नाले में पड़ा दिखा। जिसके बाद शव को बाहर निकाला गया।

नौबतपुर के थानेदार मंजीत ठाकुर ने कहा कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि पैर फिसलने से बच्ची चैंबर से गिर गई होगी। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। फिलहाल परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। परिवार वालों की ओर से यदि कोई शिकायत मिलती है तो उसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

फुलवारीशरीफ में भी बच्ची की हुई थी मौत

आपको बता दें कि अभी कुछ ही दिनों पहले पटन के फुलवारीशरीफ के रायचौक में भी एक ऐसा ही हादसा हुआ था। यहं दो साल की मासूम बच्ची खेलते-खेलते खुले चैंबर के पास चली गई थी और फिर इस चैंबर में गिरकर उसकी मौत हो गई थी। इस बच्ची का नाम खादिजा बताया गया था। बच्ची के लापता होने के बाद एक मकान के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को देखने पर बच्ची के खुले चैंबर में गिरने का पता चला था। इसके बाद बच्ची को वहां से निकालकर पटना एम्स ले जाया गया था जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।