Patna Metro: मोइनुल हक स्टेडियम से राजेंद्र नगर टर्मिनल के बीच सुरंग की खुदाई शुरू

Mar 15, 2026 07:43 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share

मोइनुल हक स्टेडियम से राजेन्द्र नगर टर्मिनल होते हुए मलाही पकड़ी स्टेशन के पहले तक 1800 मीटर में टनल तैयार होनी है, जिसमें मोइनुल हक स्टेडियम से राजेन्द्र नगर टर्मिनल तक लगभग 705 मीटर में टनल तैयार होनी है।

Patna Metro: मोइनुल हक स्टेडियम से राजेंद्र नगर टर्मिनल के बीच सुरंग की खुदाई शुरू

पटना मेट्रो कॉरिडोर-टू में मोइनुल हक स्टेडियम से राजेन्द्र नगर टर्मिनल के बीच एक बार फिर से खुदाई शुरू कर दी गई है। इसके लिए रेलवे ने पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को एनओसी दे दिया है। मोइनुल हक स्टेडियम से खुदाई प्रारंभ हुई थी, लेकिन राजेन्द्र नगर टर्मिनल के पहले रेलवे पटरी के समीप टनल तैयार करने के बाद एनओसी नहीं मिलने के कारण दिसंबर 2025 में ही निर्माण कार्य रुका हुआ था।

मोइनुल हक स्टेडियम से राजेन्द्र नगर टर्मिनल होते हुए मलाही पकड़ी स्टेशन के पहले तक 1800 मीटर में टनल तैयार होनी है, जिसमें मोइनुल हक स्टेडियम से राजेन्द्र नगर टर्मिनल तक लगभग 705 मीटर में टनल तैयार होनी है। इसके लिए पटना मेट्रो की ओर से दो टनल बोरिंग मशीन से खुदाई का कार्य प्रारंभ किया गया, लेकिन एनओसी नहीं मिलने से पहली टीबीएम ने 352.4 मीटर और दूसरी टीबीएम ने 264 मीटर खुदाई करने के बाद टनल तैयार करने का कार्य रोक दिया था, जिसमें से पहली टीबीएम द्वारा 681 और दूसरी टीबीएम (टनल बोरिंग मशीन) द्वारा 705 मीटर में टनल तैयार करनी है। वहीं रेलवे से एनओसी मिलने के बाद पहली टीबीएम ने खुदाई शुरू कर दी है।

राजेंद्र नगर टर्मिनल के नीचे बनानी है टनल

मोइनुल हक स्टेडियम से टनल तैयार करने का कार्य प्रारंभ किया गया था। यह टनल पटना-हावड़ा मेन लाइन की नीचे और राजेन्द्र नगर टर्मिनल के नीचे से पार करते हुए कंकड़बाग ओल्ड बाइपास के नीचे निर्माणाधीन राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन तक जाएगी। हालांकि, रेलवे के द्वारा भी राजेंद्र नगर स्टेशन को विकसित करने की योजना है। इसी कारण टनल की एलाइनमेंट क्या होगी और टर्मिनल को विकसित करने पर इसका कोई प्रभाव पड़ेगा या नहीं, इसको लेकर मंथन करने के बाद रेलवे ने एनओसी दिया। हालांकि राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन का सीधा जुड़ाव राजेंद्र नगर टर्मिनल से भी किया जाना है।

पटना विवि से गांधी मैदान तक 2302 मीटर में टनल बनेगी

कॉरिडोर-टू में सबसे पहले मोइनुल हक स्टेडियम से पटना विवि के बीच 1480 मीटर में टनल तैयार हुई थी। वहीं गांधी मैदान से आकाशवाणी होते हुए पटना जंक्शन तक 1450 मीटर में टनल तैयार कर ली गई है, जबकि पटना विवि से पीएमसीएच होते हुए गांधी मैदान तक 2302 मीटर में टनल तैयार होनी है, जिसमें पीएमसीएच तक टनल तैयार कर ली गई है। जबकि पीएमसीएच से गांधी मैदान के बीच टनल तैयार करने के लिए खुदाई जारी है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।