पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों का बवाल, ट्रेन में तोड़फोड़; कई पुलिसवाले घायल

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों के गुस्सा इस कदर फूटा कि उन्होंने ट्रेन में तोड़फोड़ मचा दी। छात्रों ने स्टेशन परिसर में रोड़े बरसाए और पुलिस पर भी पत्थर फेंके। छात्रों को शांत करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। 

पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों का बवाल, ट्रेन में तोड़फोड़; कई पुलिसवाले घायल

पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन पर जमकर बवाल हुआ है। यहां ट्रेन के लेट होने के बाद परीक्षा देने जा रहे छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है। छात्रों ने ट्रेन में जमकर तोड़फोड़ की है। छात्रों के गुस्से का शिकार रेल आईजी समेत कई पुलिसवाले हो गए हैं। ट्रेन देर होने से आक्रोशित छात्रों ने पत्थरबाजी की है जिसमें रेल आईजी जीतेंद्र राणा समेत कई अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि रविवार को छात्र बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की परीक्षा में शामिल होने जा रहे थे। परीक्षा केंद्र दूर था लिहाजा छात्र ट्रेन के भरोसे ही थे। लेकिन पाटलिपुत्र स्टेशन पर कई ट्रेनें विलंब हो गई। परीक्षा केंद्र की दूरी और ट्रेनों की लेटलतीफी से छात्र उग्र हो गए। स्टेशन पर जमा छात्र ट्रैक पर उतर आए और उन्होंने रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया। आक्रोशित छात्र परीक्षा को रद्द करने की मांग पर अड़ गए।

बताय जा रहा है कि नाराज छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारी भी छात्रों को समझाने पहुंचे थे। लेकिन पुलिस के समझाने के बावजूद छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। जब पुलिस ने छात्रों को चेतावनी दी तो छात्र उग्र हो गए। इसके बाद पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों ने भारी उत्पात मचाया। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ ट्रेनों में तोड़फोड़ की गई और पुलिसवालों पर पत्थर फेंके गए। इस दौरान आईजी जीतेंद्र राणा और कुछ अन्य पुलिसवाले जख्मी हो गए। छात्रों के हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठियां भी चटकाई। जो तस्वीरें सामने आई हैं उसमें सैकड़ों छात्र स्टेशन परिसर में जमा नजर आ रहे हैं।

पाटलिपुत्र स्टेशन पर हिंसा और बवाल के बीच राजधानी समेत कई ट्रेनें देर हो गईं और कई ट्रेनों का रूट भी बदलना पड़ा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि स्टेशन परिसर में रोड़े फेंके गए हैं। छात्रों को शांत करवाने के लिए भारी पुलिस महकमा मौजूद नजर आया है। एक पुलिस अधिकारी ने अपनी पिस्टल निकाल ली थी। अपनी पिस्टल हाथ में लेकर पुलिस अधिकारी हालात को काबू करते नजर आए।

कहा जा रहा है कि आईजी, रेल एसपी, आरपीएफ था जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्टेशन परिसर में मौजूद थे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने-बुझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन देखते ही देखते वहां छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया और छात्रों तथा पुलिस के बीच झड़प हो गई। कहा जा रहा है कि इस हंगामे और तोड़फोड़ के बीच रेलवे संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है।

पुलिस ने बताया है कि इस प्रदर्शन में असामाजिक तत्व पहुंचे थे। उनका कहना था कि यह हिंसक झड़प और रोड़ेबाजी प्रायोजित भी हो सकता है। पुलिस ने कहा है कि असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी हुई है। पटना के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) जितेंद्र राणा ने बताया कि लगभग 200 से 250 छात्र पाटलिपुत्र स्टेशन पर मौजूद थे और वे ट्रेन को रवाना होने से रोक रहे थे।

उन्होंने कहा कि जब पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी और जिला पुलिस के जवानों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, तब कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। आईजी के अनुसार, जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करनी पड़ीपुलिस हस्तक्षेप के बाद भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया और सभी ट्रेनों का परिचालन सामान्य कर दिया गया है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।