तीन लड़कों की दर्दनाक मौत पर कोहराम, अज्ञात वाहन ने क्रकेट खेल लौट रहे बच्चों को रौंद डाला

Feb 12, 2026 02:48 pm ISTSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

तीनों किशोर होमगार्ड जवान बैजनाथ सहनी की बाइक पर सवार होकर अपने गांव से सुपौल बाजार की ओर जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रहे अनियंत्रित वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

तीन लड़कों की दर्दनाक मौत पर कोहराम, अज्ञात वाहन ने क्रकेट खेल लौट रहे बच्चों को रौंद डाला

बिहार के दरभंगा में सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बिरौल-गंडोल मुख्य सड़क (एसएच-17) पर बुधवार देर शाम की घटना है। तीनों किशोर क्रिकेट खेलकर लौट रहे थे। बिरौल थाना क्षेत्र के सोनपुर क्रॉसिंग के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार तीनों किशोरों को कुचल दिया। तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तीनों को सुपौल बाजार स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

तीनों किशोर होमगार्ड जवान बैजनाथ सहनी की बाइक पर सवार होकर अपने गांव से सुपौल बाजार की ओर जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रहे अनियंत्रित वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान बड़गांव थाना क्षेत्र के अखतवाड़ा गांव निवासी कैलाश सहनी के पुत्र अंकित कुमार (17), श्री सहनी के पुत्र पंकज कुमार सहनी (17) और जीवन सहनी के पुत्र विवेक कुमार (16) के रूप में हुई है।

अस्पताल में उमड़ी भीड़, मचा कोहराम

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन सुपौल बाजार स्थित अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। एक ही गांव के तीन किशोरों की मौत से अखतवाड़ा में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।उधर मृत किशोरों के परिजनों का हादसे के बाद रो-रोकर बुरा हाल है।

वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

­थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए सघन जांच की जा रही है। जल्द चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बिरौल थाना क्षेत्र के सोनपुर गांव के पास बुधवार की शाम सड़क हादसे में मौत के बाद किशोरों का शव उनके पैतृक गांव अखतबारा पहुंचते ही गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। मृतक अंकित सहनी,विवेक व पंकज के परिजन के दहाड़ से मजबूती दिल वालों का कलेजा भी पसीज गया। एक साथ गांव में तीन शव पहुंचने से लोगों के बीच हड़कंप मच गया

क्रिकेट खेलकर लौट रहे थे

ग्रामीण कैलाश सहनी ने बताया कि तीनों गांव के होनहार युवाओं में से थे। क्रिकेट मैच खेल कर वे तीनों युवक अंकित, विवेक व पंकज सुपौल बाजार की ओर से वे गंडौल बिरौल हाईवे निकले थे । रास्ते में बिरौल थाना क्षेत्र के सोनपुर ढाला के समीप उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें तीनों युवाओं की मौत हो गई। इधर घटना की सूचना मिलते हीं अखतबारा गांव में मातमी सन्नाटा पसर गई।

मृतक विवेक के चाचा होमगार्ड के रिटायर्ड जवान बैद्यनाथ सहनी ने बताया कि घरवालों ने तीनों युवकों को सुपौल बाजार जाने से मना किया था। मौत तीनों को अपनों से खींच कर ले गई। वहीं दूसरी ओर सुपौल स्थित निजी अस्पताल में तीनों शवों के पहुंचने पर वहां घंटों अफरा तफरी मची रही। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।