नए साल के पहले दिन परिवार में मच गया कोहराम, गला रेतकर दिलीप की हत्या; तौफीक हिरासत में

Jan 01, 2026 02:00 pm ISTSudhir Kumar हिन्दुस्तान, औरंगाबाद, हिंदुस्तान संवाददाता
share Share
Follow Us on

दिलीप रात में खाना खाकर घर में सोया था। बाद में किसी के फोन करने पर घर से निकला और वापस नहीं लौटा। सुबह में उसकी लाश मिली।

नए साल के पहले दिन परिवार में मच गया कोहराम, गला रेतकर दिलीप की हत्या; तौफीक हिरासत में

बिहार के औरंगाबाद में नया साल एक परिवार के लिए कहर बनकर आया। परिवार के कमाऊ सदस्य की गला रेत कर हत्या करदी गयी। जिले के बारुण थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 के किनारे एक गड्ढे में युवक का शव मिला तो इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी रमेश सिंह के 41 वर्षीय पुत्र दिलीप सिंह उर्फ मिरिंडा के रूप में हुई है।

अहले सुबह घर के समीप गड्ढे में शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। इस दौरान सड़क जाम का भी प्रयास किया गया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक, एसडीपीओ, सीओ और बारुण थानाध्यक्ष दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

मृतक के पिता ने बताया कि दिलीप रात में भोजन कर घर में सोया था, बाद में किसी के फोन करने पर घर से निकला और वापस नहीं लौटा। बारुण थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क किनारे एक टायर दुकान के पास गड्ढे में शव मिला है और पूछताछ के लिए दुकानदार मोहम्मद तौफीक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

मृतक के पिता ने बताया कि दिलीप के एक पुत्र और एक पुत्री हैं तथा वह खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उन्होंने गोतिया से तीन बीघा जमीन को लेकर पिछले पांच वर्षों से चले आ रहे विवाद का जिक्र करते हुए बताया कि संबंधित मुकदमे की अगली तारीख दो फरवरी को है। इकलौते पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

गांव में घटना को लेकर कई तरह की चर्चा है। जमीन विवाद की बात पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस अपने गुप्तचरों से मामले की जानकारी जुटा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक का फोन कब्जे में ले लिया गया है। कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस आवश्यक जानकारी जुटा रही है। कुछ लीड मिले हैं जिसे आधार पर पुलिस आगे बढ़ रही है। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें