
तीन साल के बच्चे के साथ जन्मदिन पर भयानक हादसा, मासूम शिवम की जिंदा जलकर मौत
शिवम पड़ोस के तीन अन्य बच्चों के साथ घर के समीप ही खलिहान में पुआल के ढेर के पास खेल रहा था। इसी दौरान अचानक खलिहान में रखे पुआल में आग लग गई। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि बच्चों को संभलने का मौका नहीं मिला।
बिहार के जमुई में एक हृदयविदारक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। जिले के रविवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे खलिहान में रखे पुआल में अचानक आग लगने से एक तीन वर्षीय बच्चे की जलकर मौत हो गई। बीचकोड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत बग्घो गांव में हादसा हुआ। पूरे गांव में मातम का माहौल पसर गया है।
मृत बालक की पहचान बग्घो गांव निवासी प्रकाश पंडित के पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है। रविवार को ही शिवम का तीसरा जन्मदिन था और परिवार के लोग उसका जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहे थे। शिवम की मौत के बाद उसके जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनो में कोहराम मच गया। शिवम के पिता प्रकाश पंडित मुंबई में रहकर काम करते हैं। अभी वह मुंबई में ही हैं।
परिजनों के अनुसार रविवार दोपहर बाद शिवम पड़ोस के तीन अन्य बच्चों के साथ घर के समीप ही खलिहान में पुआल के ढेर के पास खेल रहा था। इसी दौरान अचानक खलिहान में रखे पुआल में आग लग गई। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि बच्चों को संभलने का मौका नहीं मिला। शिवम के साथ खेल रहे तीन अन्य बच्चे किसी तरह लपटों से निकलकर भागे और अपनी जान बचाई, लेकिन शिवम आग की लपटों में घिर गया और निकल नहीं सका। बच्चों ने शोर मचाया तो परिजन और ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक शिवम पूरी तरह जल चुका था और उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही बीचकोड़वा थानाध्यक्ष राहुल कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की। लेकिन लोगों ने शव ले जाने से इनकार कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराए जाने की बात कही। मासूम की जन्मदिन पर मौत से मातम पसर गया है। परिजनों और संबंधियों का रो रोकर बुरा हाल है।

लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें



