
बिहार में आसमान से बरसी आफत, ठनका की चपेट में 2 सगे भाई समेत 3 की मौत; एक युवक झुलसा
बाढ़ आने की वजह से चारों किसान मावेशी चराने के लिए कबीर मठ के पास गए थे। बारिश आने पर चारों कबीर मठ के पास सड़क किनारे पीपल के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान ठनका गिर गया।
बिहार के कटिहार में शनिवार को आसमान से आफत बरसी। ठनका गिरने से तीन चरवाहों की मौके पर मौत हो गई। घटना एनएच-31 स्थित कबीर मठ के पास शनिवार दोपहर एक बजे की है। इस घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दक्षिणी मुरादपुर पंचायत के तीनघरिया गांव निवासी अखिलेश मंडल (55) गोपी प्रसाद मंडल (70) एवं धीर नारायण मंडल (68) शामिल हैं। इनमें धीर नारायण एवं गोपी को सहोदर भाई बताया गया है। दोनों भाई पशु चराने गए थे।

जानकारी के मुताबिक बाढ़ का पानी गांव में घुस आने से चाल लोग मवेशी चराने कबीर मठ के समीप गए थे। दोपहर करीब एक बजे अचानक गरज के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए चारों चरवाहे कबीर मठ के पास सड़क किनारे पीपल के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान ठनका गिर गया, जिसकी चपेट में आने से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया।
आनन-फानन में घायल को स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया। युवक की हालत गंभीर है। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही थाने में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय लोगों ने मरने वालों के परिवारों के लिए मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने बताया कि जिला प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है।





