
नीतीश से मिले ओवैसी की AIMIM के तीन विधायक, मुलाकात के बाद चढ़ा सियासी पारा
बिहार में नई सरकार के गठन के बाद पहली बार एआईएमआईएम के तीन विधायकों ने सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान सीमांचल की समस्याओं से अवगत कराया। अचानक इस मुलाकात से ठंड के मौसम में भी सियासी पारा चढ़ गया।
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के तीन विधायक सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे। विधायकों द्वारा बताया गया कि वे अपने क्षेत्र की समस्या को लेकर सीएम के पास गए थे। हालांकि इस मुलाकात के बाद सियासी तापमान अचानक बढ़ गया है। राज्य में नयी सरकार बनने के बाद एआईएमआईएम विधायकों की सीएम से यह पहली मुलाकात थी। मुलाकात करने वालों में पार्टी विधायक दल के नेता अख्तरूल ईमान, जोकीहाट के विधायक मुर्शीद आलम और कोचाधामन के विधायक सरबल अली शामिल थे।
इस मौके पर AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल ईमान ने बताया कि उनके क्षेत्र में कोचाधामन और बहादुरगंज के बीच सेना का बेस बनाया जा रहा है। इसके लिए 250 एकड़ जमीन ली जा रही है। यह घनी आबादी वाला इलाका है और इस क्षेत्र में कई धार्मिक स्थल भी हैं। इसके कारण स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ जाएगी। हम इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री से मिलने गए थे। हमारी मांग थी कि इसे वहां से स्थानांतरित किया जाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने इस मुलाकात में किसी प्रकार की राजनीतिक चर्चा से स्पष्ट इनकार किया।
वहीं जोकीहाट से AIMIM विधायक मर्शीद आलम ने बताया कि आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर जोकीहाट के दो बड़े मुद्दों को विस्तार से रखा। जिसमें जोकीहाट में दो नए महाविद्यालय की मांग, जोकीहाट में एक अतिरिक्त ब्लॉक (अंचल) की स्वीकृति शामिल है। मुख्यमंत्री ने दोनों मांगों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होने कहा कि जोकीहाट का हर काम तेज़ी से हो, हर समस्या का समाधान हो। आपको बता दें बिहार चुनाव में ओवैसी की पार्टी AIMIM के खाते में पांच सीटें आई हैं। जिसमें सभी सीमांचल की है।





