बिहार में सफाया हो गया, फिर भी अड़े हैं; रविशंकर प्रसाद ने SIR पर कांग्रेस को लताड़ा
लोकसभा में एसआईआर पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष के हंगामे पर पूर्व मंत्री और बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होने कहा कि बिहार में इतनी बड़ी हार हुई। उसके बावजूद कांग्रेस एसआईआर पर अड़ी है, कुछ शर्म करे।

लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन भी एसआईआर पर चर्चा की मांग को लेकर खूब हंगामा हुआ। विपक्ष ने जोरदार प्रदर्शन किया। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद अपने-अपने स्थानों से उठकर जोर-जोर से नारे लगाने लगे उन्होंने इस मुद्दे पर तत्काल बहस की मांग की। इस बीच पटना साहिब से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होने कहा कि बिहार में इतनी बड़ी हार हुई। उसके बावजूद कांग्रेस एसआईआर पर अड़ी है, कुछ शर्म करे।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बिहार में विपक्ष की इतनी बड़ी हार हुई। किसी भी एक वोटर ने शिकायत नहीं की, कि हमारा नाम गलत कटा या हमको वोट देने नहीं दिया गया। कांग्रेस कुछ तो शर्म करे, इतनी बड़ी हार हुई है, फिर भी यहां खड़े हो। चुनाव आयोग ईमानदारी से काम कर रहा है। बिहार में किसी बीएलओ ने कहा कि हम पर दबाव पड़ रहा है। बिहार में किसी बीएलओ ने सुसाइड किया क्या? तो ये कहानी कहां से आ रही है।
रविशंकर ने कहा कि बंगाल में घुसपैठियों को बचाने की कवायद चल रही है। ताकि घुसपैठिए उनको वोट दें। ये बड़े सवाल हैं। कांग्रेसी कभी तो हार से सबक लो। कांग्रेस पार्टी को वोट नहीं मिलता तो हम क्या करें। आपके इस लक्षण से आपको कभी वोट नहीं मिलेगा। संसद का समय बर्बाद करते हैं। इतनी बड़ी हार के बाद कुछ तो आंख में पानी होना चाहिए। बिहार ने आपका सफाया कर दिया। फिर भी आप खड़े हैं, अड़े हैं। देश इसका आपको पूरा जवाब देगा।





