'बदलाव का वक्त आ गया', बिहार दौरे से पहले राहुल ने नीतीश-BJP को घेरा, कल से चुनाव प्रचार करेंगे
29 अक्टूबर को राहुल गांधी बिहार आ रहे हैं। कल से वे चुनाव प्रचार करेंगे। सकरा और दरभंगा ग्रामीण में उनकी रैलियां है। इससे पहले उन्होने एक्स पर पोस्ट कर बीजेपी और नीतीश कुमार को आड़े हाथ लिया। और लिखा कि अब बिहार को बदलने का वक्त आ गया है।
बिहार चुनाव को लेकर सियासी दलों का प्रचार तेज हो गया है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी कल यानी 29 अक्टूबर को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। लेकिन इससे पहले उन्होने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट कर बीजेपी और जेडीयू पर हमला बोला। राहुल ने लिखा कि अब बिहार बदलने का वक्त आ गया है।

एक्स पर राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार आदि की दुर्दशा के लिए बीजेपी-जेडीयू की सरकार गुनहगार है। बिहार के युवा बखूबी जानते हैं कि पिछले 20 सालों में किस तरह इस मोदी-नीतीश सरकार ने उनकी आकांक्षाओं का गला घोंटा है। प्रदेश को लावारिस छोड़ दिया है। हर पैमाने पर गर्त में धकेल दिया है। बिहार हर पैमाने पर पीछे चला गया है। जितने भी बिहारी युवाओं से मिला हूं, सभी बेहद होनहार हैं। समझदार हैं। अपनी काबिलियत और मेहनत के बल पर हर जगह चमक सकते हैं - पर सरकार ने उन्हें अवसरों की जगह सिर्फ बेरोजगारी और निराशा दी है। अब बिहार बदलने का वक्त आ गया है।
आपको बता दें 29 अक्टूबर को राहुल गांधी बिहार में दो चुनावी सभा में भाग लेंगे। वे मुजफ्फरपुर के सकरा विधानसभा और दरभंगा ग्रामीण में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। उनके साथ राजद नेता तेजस्वी यादव भी रहेंगे। तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करने के बाद दोनों नेता की यह पहली सभा होगी। इससे पहले महागठबंधन की ओर से 28 अक्टूबर (आज ) साझा घोषणापत्र जारी किया जाएगा। इसमें कांग्रेस की ओर पार्टी महासचिव अविनाश पांडे मौजूद रहेंगे। पहले साझा घोषणापत्र के मौके पर प्रियंका गांधी को भी शामिल होना था। लेकिन अब उनका बिहार दौरा आगे की तारीख में टाल दिया गया है।





