पटना में बेकाबू थार ने महिला समेत 4 लोगों को कुचला, गुस्साई भीड़ ने कार को फूंक दिया

Jan 08, 2026 08:06 am ISTJayesh Jetawat हिन्दुस्तान टीम, दानापुर/पटना
share Share
Follow Us on

पटना के दानापुर में बुधवार रात गाय को टक्कर मारकर भाग रहे थार चालक ने सड़क किनारे पैदल चल रहे 4 लोगों को कुचल दिया। गुस्साई भीड़ ने थार के ड्राइवर की जमकर पिटाई कर दी और फिर कार में आग लगा दी।

पटना में बेकाबू थार ने महिला समेत 4 लोगों को कुचला, गुस्साई भीड़ ने कार को फूंक दिया

बिहार के पटना जिले में दानापुर थाना क्षेत्र के गोला रोड टी प्वाइंट के पास बुधवार रात एक अनियंत्रित थार चालक ने सड़क पर जा रहे एक महिला सहित चार लोगों को कुचल दिया। इस दुर्घटना में चारों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने ड्राइवर की जमकर पिटाई कर दी और फिर थार गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची दानापुर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित में किया। वहीं, जख्मी लोगों का अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार दानापुर के तकियापर से एक थार गाड़ी बुधवार की रात गोला रोड होते हुए नेहरू पथ की ओर जा रही थी। गोला रोड टी प्वाइंट से आगे जाते ही गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी एक गाय को जोरदार टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो चालक गाड़ी लेकर भागने लगा। भागने के दौरान चार लोग वाहन की चपेट में आ गए।

घटना से सड़क पर अफरातफरी मच गई। संयोग अच्छा रहा कि आगे जाकर गाड़ी सड़क किनारे एक गड्ढे में फंसकर बंद हो गई। नहीं तो मंजर और भयावह हो सकता था। इधर, गुस्साए लोगों ने थार चालक को पकड़ लिया। उसकी पिटाई के बाद गाड़ी को फूंक दिया। हालांकि, चालक वहां से भागने में सफल रहा। थानाध्यक्ष ने बताया कि उसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

घायलों की हालत गंभीर

इस दुर्घटना में राजा बाजार से गार्ड की नौकरी कर साइकिल से झखड़ी महादेव स्थित घर जा रहे 50 वर्षीय माधो कुमार, पंचशील नगर निवासी भाई-बहन 32 वर्षीय ॠतिक कुमार व 30 वर्षीय कोमल कुमारी और नारियल घाट निवासी शेखर कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस जांच कर रही कि चालक ने कहीं शराब तो नहीं पी रखी थी।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।

और पढ़ें
;;;