Bihar Flood: पुनपुन रेल पुल पर पानी बढ़ने से 10 ट्रेनें रद्द, बिहटा-सरमेरा सड़क धंसी; पटना में बाढ़ से त्राहिमाम

हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

पटना में गंगा, पुनपुन और सोन नदियों का पानी 11 प्रखंडों में घुस गया है। इससे 3.19 लाख की आबादी बाढ़ के पानी से घिरी हुई है। मोकामा, अथमलगोला, फतुहा और मनेर के 44 पंचायतों और बख्तियारपुर नगर परिषद के तीन वार्डों में बाढ़ का पानी फैला है।

Patna Flood
बाढ़ की वजह से आज भी 10 ट्रेनें रद्द हैं।

पटना में बाढ़ से त्राहिमाम की स्थिति है। पुनपुन रेल पुल संख्या-21 पर जलस्तर बढ़ने सोमवार को भी 10 ट्रेनों को रद्द व 10 परिवर्तित मार्ग से चलेंगी। ट्रेनें रद्द होने से पटना जंक्शन पर यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। निजी बस ऑपरेटरों ने मनमाना किराया वसूलना शुरू कर दिया है। इससे दैनिक यात्रियों, छात्रों और नौकरी पेशा को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। पुनपुन-परसा बाजार स्टेशनों के बीच पुल संख्या-21 की डाउन लाइन पर पास जलस्तर बढ़ा हुआ है। पानी का स्तर सामान्य होने पर नियमित ट्रेन सेवा दोबारा शुरू की जाएगी।

आज ये 10 मेमू ट्रेनें रहेंगी रद्द

63242 गया-पटना, 63244 गया-पटना, 63245 पटना-गया, 63247 पटना-गया, 63248 गया-पटना, 63250 गया-पटना, 63251 पटना-गया, 63253 पटना-गया, 63256 गया-पटना और 63274 पटना-राजगीर मेमू शामिल हैं। वहीं, 18625 हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस को बख्तियारपुर लिंक, राजगीर, तिलैया जंक्शन, पईमार और बंधुआ के रास्ते पटना-गया-कोडरमा मार्ग से चलाया जाएगा। 6 सितंबर को 13329 धनबाद-पटना और 13330 पटना-धनबाद को भी बजाय दूसरे मार्ग से चलाया जाएगा। बढ़े पानी के कारण यह फैसला लिया गया है।

पटना में 3 लाख से ज्यादा आबादी बाढ़ से घिरी

पटना में गंगा, पुनपुन और सोन नदियों का पानी 11 प्रखंडों में घुस गया है। इससे 3.19 लाख की आबादी बाढ़ के पानी से घिरी हुई है। मोकामा, अथमलगोला, फतुहा और मनेर के 44 पंचायतों और बख्तियारपुर नगर परिषद के तीन वार्डों में बाढ़ का पानी फैला है। गंगा से करीब दो लाख, पुनपुन से 1.1 लाख और सोन से 21 हजार की आबादी बाढ़ की चपेट में है। मोकामा, अथमलगोला और बख्तियारपुर में पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाढ़ का पानी एक से तीन फीट तक चढ़ गया है। गंगा नदी का पानी एनएच और एसएच पर चढ़ गया है। मोकामा के शिवनार, बहपुर और अथमलगोला के सबनीमा में पुराने एनएच-31 पर करीब दो फीट गंगा नदी पानी बह रहा है। वहीं हाथीदह के महेंद्रपुर गांव के पास एनएच-80 पर बाढ़ का पानी बह रहा है। उधर, बख्तियारपुर के रबाईच स्थित जेएमटी स्कूल के समीप एसएच-106 पर करीब तीन फीट तक बाढ़ का पानी बह रहा है।

इसके अलावा नया टोला राघोपुर और रानीसराय के पास भी सड़क पर पानी की तेज धार बह रही है। फिलहाल आवागमन पूरी तरह बाधित नहीं हुआ है। वहीं, मसौढ़ी के भगवानगंज-देवरिया मार्ग पर करीब दो फीट पुनपुन नदी का पानी बह रहा है। पुनपुन और बख्तियारपुर शहरी क्षेत्र में पानी घुसा : पुनपुन और शहरी क्षेत्र में बाढ़ का पानी घुस गया है। पुनपुन शहर के करीब 500 घरों में पुनपुन नदी का पानी घुस गया है। पटना-गया एनएच से पुनपुन पिंडदान स्थल जाने वाली सड़क पर एक फीट पानी बह रहा है। पुनपुन के पानी से बरावां, लखनपार, पैमार, लखना उत्तर-पश्चिम, लखना पूर्वी और बेहरावां पंचायत पूरी तरह जलमग्न हैं। इससे 20 हजार की आबादी बाढ़ की चपेट में है। बख्तियारपुर शहर में गंगा नदी का पानी घुस गया है। गंगा का पानी रबाईच और रानीसराय से शहर में प्रवेश करने से करीब दस वार्ड बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। कई निचले इलाकों में सड़क और गलियों पर पानी बह रहा है।

बिहटा-सरमेरा फोरलेन धंसी

पुनपुन नदी के पानी के दबाव से बिहटा-सरमेरा फोरलेन एनएच-131जी पर करीब दस फीट धंस गई। पुनपुन प्रखंड के नेवां के पास रविवार दोपहर सड़क धंसने से करीब तीन फीट गड्ढा बन गया। हालांकि ग्रामीणों की नजर पड़ते ही वाहनों को जाने से रोक दिया। गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कर वाहनों को सावधानी से निकाला जा रहा है। उधर, फोरलेन धंसने से करीब एक किलोमीटर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस और एनएचएआई की टीम तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची। मसौढ़ी एसडीओ धनराज कुमार के निर्देश के बाद सड़क की मरम्मत का काम शुरू कराया गया। बता दें कि पुनपुन का जलस्तर 53.46 मीटर पर पहुंच गया। 2019 में जलस्तर 53.44 था। खतरे का निशान 50.60 मीटर है।

दानापुर छावनी क्षेत्र में पानी का रिसाव

गंगा सुरक्षा बांध में पानी निकासी के लिए बनी नाली से पानी का रिसाव होने लगा है। छावनी क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस ग्राउंड, शाहपुर, दाउदपुर इलाके में रविवार को नाले से रिसाव होकर गंगा का पानी प्रवेश करने लगा है। खबर मिलते ही विभाग द्वारा बालू भरे बोरों से नाले को बंद कर रिसाव को रोका गया। नगर परिषद के ईओ सिद्धार्थ हर्षवर्धन ने रविवार को बाढ़ राहत शिविर में साफ-सफाई का जायजा लिया और सुरक्षा बांधों में बने नालों व नालियों को देखा। शाहपुर, दाउदपुर में पानी रिसाव की खबर पाकर घटनास्थल पर पहुंचे और अपनी उपस्थिति में उसे ठीक कराया।

फतुहा में फोरलेन किया जाम

सुकुलपुर के पास रविवार शाम पांच बजे सैकड़ों बाढ़ पीड़ितों ने अपने परिवार व मवेशियों के साथ दीदारगंज-बख्तियारपुर फोरलेन के अप लेन को जाम कर दिया। इससे अप लेन पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। उधर, बाढ़ पीड़ितों का हाल लेने गये पथ निर्माण विभाग मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र भागलपुर से लौटते वक्त जाम में फंस गये। जाम के कारण फोरलेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों का कहना था कि एक सप्ताह से गंगा और पुनपुन के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है, लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं, पर कोई देखने वाला नहीं है। पुलिस ने किसी प्रकार डाउन लेन से ही दोनों ओर के वाहनों का परिचालन शुरू कराया।

बाढ़ के पानी में मकान ध्वस्त

मनेर की किता चौहत्तर पूर्वी पंचायत के छिहतर गांव में रविवार शाम महेंद्र राय का पक्का मकान ध्वस्त हो गया। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि घर में रखा अनाज, कपड़े, घरेलू सामान समेत अन्य जरूरी वस्तुएं मलबे में दब गए।

हल्दीछपरा संगम घाट पर अंतिम संस्कार बंद

सोन और गंगा में उफान से हल्दीछपरा संगम घाट पर अंतिम संस्कार बंद हो गया है। पुनपुन बाढ़ के पानी के दबाव के कारण डुमरी से बेलदारीचक जाने वाली सड़क बलुआचक के समीप टूट गई। जिससे इस सड़क की मदद से अपने गांव तक जाने वाले ग्रामीणों का आवागमन ठप हो गया।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsपुनपुन रेल पुल पर पानी बढ़ने से ट्रेनें रद्द, बिहटा-सरमेरा सड़क धंसी;बाढ़ का कहर