बिहार में बाढ़ के खतरे के बीच दिल्ली गए तेजस्वी यादव, बोले- लोग सतर्क रहें; केंद्र पर भी बरसे

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

दिल्ली पहुंच कर तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने अब तक बिहार और नेपाल सरकार के साथ बाढ़ की समस्या पर गंभीरता से बातचीत नहीं की है। उन्होंने कहा कि हर साल बिहार को बाढ़ की मार झेलनी पड़ती है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

Tejashwi Yadav
तेजस्वी यादव दिल्ली गए हैं। (फाइल फोटो)

नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद बिहार में भी बाढ़ को लेकर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। हालांकि, राज्य सरकार का दावा है कि वो बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए पूरी तरह अलर्ट है। इधऱ बिहार में बाढ़ के खतरे के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को दिल्ली पहुंचे। तेजस्वी यादव ने लोगों को बाढ़ से सतर्क रहने की सलाह भी दी है। दिल्ली पहुंचने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बाढ़ की समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। तेजस्वी ने कहा कि केंद्र सरकार ने अब तक बिहार और नेपाल सरकार के साथ बाढ़ की समस्या पर गंभीरता से बातचीत नहीं की है। उन्होंने कहा कि हर साल बिहार को बाढ़ की मार झेलनी पड़ती है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि रक्षाबंधन को देखते हुए तेजस्वी यादव अपनी बहन से राखी बंधवाने के लिए दिल्ली गए हैं। तेजस्वी यादव के साथ लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के भी दिल्ली जाने की चर्चा है।

पश्चिम चंपारण पहुंचे सम्राट चौधरी

इधर नेपाल में आई भीषण आपदा और सैलाब के बाद गंडक नदी में संभावित जलवृद्धि को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर पहुंचे। उन्होंने इंडो-नेपाल सीमा पर स्थित गंडक बराज का निरीक्षण किया और बराज के विभिन्न फाटकों की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने गंडक नदी के जलस्तर की जानकारी लेते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से मौजूदा स्थिति और संभावित प्रभावों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नेपाल में हुई भारी बारिश और बाढ़ के बाद गंडक नदी में पानी बढ़ने की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।

साथ ही सीमावर्ती इलाकों में प्रशासन की ओर से की गई तैयारियों से भी अवगत कराया गया। एसडीएम बगहा चांदनी कुमारी, एसपी राजेश कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सीमावर्ती क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि संभावित जलवृद्धि को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों को सतर्क रखा गया है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी भी रखी गई है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को गंडक नदी के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार में बाढ़ के खतरे के बीच दिल्ली गए तेजस्वी यादव, बोले- लोग सतर्क रहें