सेक्स रैकेट के विरोध पर बंटी की हत्या से गरमाई सियासत, बिलखती पत्नी से तेजस्वी ने की बात; सम्राट सरकार को घेरा
पटना के बंटी मर्डर केस पर सियासत गरमाने लगी है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अब बंटी की पत्नी से फोन पर बातचीत की है। तेजस्वी यादव ने एक्स पर पोस्ट कर सम्राट चौधरी सरकार को घेरा है और सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।

पटना में सेक्स रैकेट का विरोध करने पर बंटी को अगवा कर उसकी हत्या करने के मामले में अब सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की सम्राट चौधरी सरकार को घेरा है। तेजस्वी यादव ने बंटी की पत्नी से फोन पर भी बातचीत की है। बंटी की रोती-बिलखती पत्नी से फोन पर हुई बातचीत का एक वीडियो भी तेजस्वी यादव ने अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि बंटी कुमार की पत्नी गमगीन हैं और बिलख-बिलख कर रो रही हैं। तेजस्वी यादव ने गमजदा बंटी कुमार की पत्नी का ढांढस बंधाया है। इसी के साथ सम्राट चौधरी सरकार को घेरते हु तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है।
तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा, 'पटना के करबिगहिया में सत्ता और पुलिस के संरक्षण में संचालित सेक्स रैकेट का विरोध करने पर 25 वर्षीय किराना दुकानदार बंटी कुमार का 6 जुलाई को पटना जंक्शन के पास से अपहरण किया गया। CCTV फुटेज में सब साफ़ साफ़ दिख रहा है लेकिन अपराधियों को दिशा-निर्देश देने वाली पुलिस ने उसे ढूंढने की बजाय परिजनों को ही डांटा। कल राजद के शिष्टमंडल ने अपहृत कारोबारी की पत्नी से मुलाकात की और टेलीफ़ोन पर वार्ता कराई। कल हमारे दबाव पड़ने पर पुलिस ने पटना ग्रामीण के अथमलगोला थाना क्षेत्र से उनका क्षत-विक्षत शव लाकर परिजनों को सूचना दी। स्पष्ट है कि पुलिस सब कुछ जान-पहचान रही थी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सेक्स रैकेट चलाने वाले बेख़ौफ़ होकर कहते है कि मुख्यमंत्री आवास तक इस अनैतिक और काली कमाई का हिस्सा जाता है। बड़बोले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बताए कि ऐसे अपराधियों और सिंडिकेट के सरगना कौन है? बिहार के लोग जानते है कि विगत दिनों में बीजेपी सरकार बनने के बाद पटना जंक्शन के आस-पास बड़ी संख्या में सेक्स रैकेट पनप रहे है? इसी क्षेत्र में सरकार के एक भाजपाई मंत्री का भी आवास है और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी इसी क्षेत्र से ताल्लुक रखते है। बेगुनाहों का झूठा एनकाउंटर करवाने वाले बड़बोले मुख्यमंत्री शराब माफियाओं, सेक्स रैकेट चलाने वालों और बदमाशों के गैंग से डरते क्यों है? सत्ता शीर्ष में बैठे लोगों की इन देह व्यापारियों से क्या सांठ-गांठ है जो उन्हें बचाने में सारी ऊर्जा लगाए हुए है?'
तीन थानों की पुलिस को नहीं मिला सुराग
बता दें कि बंटी कुमार पटना के न्यू करबिगहिया में रहते थे। यह पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र में आता है। 06 जुलाई को बंटी कुमार का अपहरण कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित दूध मंडी के पास से हुआ था। बदमाश उसे बाइपास के रास्ते मोकामा की ओर ले गए और बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन के आसपाास उसकी हत्या कर दी। इसके बाद अथमलगोला थाना क्षेत्र क फुलैलपुर गांव के पास शव को जमीन में गाड़ दिया। जक्कनपुर, कोतवाली और अथमलगोला थाने की पुलिस कई दिनों तक उसकी तलाश करती रही, लेकिन समय रहते उसका कोई सुराग नहीं लगा सकी।


