
तेजस्वी यादव का मोहनियां में निर्दलीय को समर्थन, पूर्व BJP सांसद छेदी पासवान के बेटे हैं रवि
बिहार की मोहनियां सीट पर निर्दलीय कैंडिडेट रवि पासवान को राजद नेता तेजस्वी यादव ने समर्थन दे दिया है। रवि भाजपा के पूर्व सांसद छेदी पासवान के बेटे हैं। दरअसल, मोहनियां सीट पर राजद की उम्मीदवार श्वेता सुमन का नामांकन रद्द हो गया है।
बिहार के कैमूर जिले की मोहनियां विधानसभा सीट पर लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने निर्दलीय रवि पासवान को समर्थन दे दिया है। मोहनियां से राजद की उम्मीदवार श्वेता पासवान का नामांकन रद्द होने के बाद तेजस्वी ने यह फैसला लिया है। रवि पासवान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता छेदी पासवान के बेटे हैं। छेदी पासवान भाजपा से सांसद और विधायक रहने के साथ ही बिहार सरकार में मंत्री भी रहे।
अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित मोहनियां विधानसभा सीट पर राजद ने श्वेता सुमन को आगामी चुनाव में उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने बुधवार को श्वेता का नामांकन रद्द कर दिया। एक दिन पहले उनके नामांकन पत्र में जाति प्रमाण पत्र को लेकर गड़बड़ी की शिकायत आयोग से की गई थी। इसके बाद स्क्रूटनी में यह फैसला लिया गया।
श्वेता सुमन का नामांकन रद्द होने के बाद मोहनियां सीट पर महागठबंधन का कोई कैंडिडेट नहीं था। इसी बीच बुधवार शाम को राजद द्वारा निर्दलीय रवि पासवान को अपना समर्थन दे दिया। रवि की नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात की तस्वीर भी आई है।
बता दें कि रवि भाजपा के पूर्व सांसद छेदी पासवान के बेटे हैं। छेदी सासाराम से 2014 और 2019 में दो बार लगातार भाजपा के टिकट पर लोकसभा का चुनाव जीते। हालांकि, 2024 में भाजपा ने उनका टिकट काट दिया था। इससे पहले छेदी पासवान चेनारी और मोहनियां सीट से दो-दो बार विधायक रह चुके हैं। वहीं, रवि पासवान भी मोहनियां सीट से 2015 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं।
(भभुआ से हिन्दुस्तान संवाददाता के इनपुट के आधार पर)





