
तेज प्रताप की साली के लिए तेजस्वी ने मांगे वोट; परसा में खूब गरजे, बोले- नीतीश चाचा मेरी कॉपी कर रहे
सारण की परसा सीट पर राजद प्रत्याशी करिश्मा राय के लिए तेजस्वी यादव ने वोट मांगे। इस दौरान उन्होने नीतीश सरकार को घेरते हुए कहा कि इनका खुद का कोई विजन नहीं है। ये लोग मेरी कॉपी कर रहे हैं। इस दौरान उन्होने हर घर सरकारी नौकरी का वादा दोहराया।
बिहार चुनाव को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव धुआंधार प्रचार में जुट गए हैं। मगंलवार को उन्होने सारण की परसा सीट से राजद प्रत्याशी करिश्मा राय के लिए वोट मांगे। करिश्मा तेज प्रताप की साली हैं। वे उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय की चचेरी बहन है। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने नीतीश कुमार पर उनकी योजनाओं को कॉपी करने का आरोप लगाया है।

उन्होने कहा कि बिहार के विकास के लिए मैंने जो योजनाएं बनाई थी, उसे नीतीश कुमार कॉपी कर रहे हैं। लेकिन कॉपी भी ठीक से नहीं कर पा रहे हैं। तेजस्वी ने कहा महागठबंधन की सरकार बनी को ताड़ी से बैन हटाएंगे, बिहार में शराब की होम डिलीवरी हो रही है। 20 दिनों के अंदर कानून बनाकर जिस घर में सरकारी नौकरी नहीं होगी। उसे सरकारी नौकरी देंगे। वहीं पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि फैक्ट्री गुजरात में लगाएंगे और वोट बिहार से लेंगे। बिहार को बिहारी ही चलाएगा, बाहरी नहीं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हमारी सरकार बनने पर पंचायत प्रतिनिधियों का 50 लाख का बीमा किया जाएगा। पीडीएस का कमीशन बढ़ाया जाएगा। नाई, कुम्हार, लोहार को 5 लाख की सहायता करेंगे। तेजस्वी ने लोगों से कहा कि सिर्फ एक बार मौका दीजिए आपकी उम्मीदों का तेजस्वी छक्का लगाएगा। करप्शन और अपराध को क्लीन बोल्ड करेगा। इस दौरान उन्होने परसा से आरजेडी प्रत्याशी डॉ. करिश्मा राय को भारी मतों से जिताने की अपील की।





