VIDEO: केरल में धुआंधार अंग्रेजी बोल रहे हैं तेजस्वी यादव, बिहार में हार के बाद कांग्रेस के खिलाफ प्रचार

Ritesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

Tejashwi Yadav English Speech Video: राजद नेता तेजस्वी यादव का केरल में चुनाव प्रचार का एक वीडियो वायरल है, जिसमें वो धुआंधार अंग्रेजी बोलते दिख रहे हैं। जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर उन्हें नौवीं फेल कहते रहे हैं।

VIDEO: केरल में धुआंधार अंग्रेजी बोल रहे हैं तेजस्वी यादव, बिहार में हार के बाद कांग्रेस के खिलाफ प्रचार

Tejashwi Yadav English Speech Video: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता और बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का केरल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के नेतृत्व वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) का चुनाव प्रचार कर रहे हैं। केरल में उनकी अपनी पार्टी के तीन कैंडिडेट वामपंथी मोर्चे के उम्मीदवार के तौर पर लड़ रहे हैं। केरल में चुनाव प्रचार के दौरान अंग्रेजी में उनके धुआंधार भाषण के वीडियो वायरल हो रहे हैं। जन सुराज पार्टी (जेएसपी) के नेता प्रशांत किशोर उन्हें नौंवी फेल कहते रहे हैं। राजद के समर्थक तेजस्वी यादव का आत्मविश्वास भरा अंग्रेजी भाषण सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। केरल में 2021 के चुनाव में राजद के एक नेता को जीत मिली थी, जो तकनीकी तौर पर शरद यादव की पार्टी लोकतांत्रिक जनता दल का कैंडिडेट था। शरद यादव तब राजद में शामिल हो चुके थे।

तेजस्वी यादव पांच दिन के केरल दौरे पर गए हैं, जिस दौरान वो सीपीएम, सीपीआई और सहयोगी दलों के साथ-साथ अपनी पार्टी के 3 कैंडिडेट के लिए वोट मांगेंगे। एलडीएफ ने गठबंधन में राजद को 3 सीट दिया है। राजद ने कोझिकोड जिले की वडाकारा सीट से एमके भास्करन, कन्नूर जिले की कुत्थुपरंबा सीट से पीके प्रवीण और वायनाड जिले की कालपेट्टा सीट से पीके अनिल को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वायनाड से सांसद हैं और उसके तहत कालपेट्टी सीट से कांग्रेस के मौजूदा विधायक टी सिद्दीकी दोबारा जीतने के लिए लड़ रहे हैं। बिहार में विधानसभा और राज्यसभा के चुनावों में लगातार हार के बाद तेजस्वी केरल में कांग्रेस के खिलाफ प्रचार करने उतरे हैं। विधानसभा और राज्यसभा में विपक्ष की हार में कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठते रहे हैं।

केरल में तेजस्वी यादव ने बिहार को बताया ‘गरीब राज्य’, जेडीयू बोली- इनके मां-बाप ने ही लूटा खजाना

तेजस्वी यादव केरल की सभाओं में केरल की पिनाराई विजयन सरकार के काम की तारीफ कर रहे हैं। वो बता रहे हैं कि पिछले 10 साल में केरल में अभूतपूर्व विकास हुआ है, लेकिन केंद्र सरकार की तरफ से केरल को उसका हक नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने एक जगह भाषण में बिहार को देश का एक गरीब राज्य बताया और कहा कि बिहार में वो लोगों को नजीर देते हैं कि बिहार को केरल जैसा होना चाहिए। तेजस्वी द्वारा केरल में बिहार को गरीब राज्य बताने पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के नेताओं ने पटना में उनको घेरा है और कहा है कि उनके पिता लालू यादव और माता राबड़ी देवी की सरकार के दौरान ही राज्य को लूटकर गरीब बनाया गया।

नीतीश के CM पद छोड़ने से बिहार की सियासत पर क्या असर; तेजस्वी के लिए भी कैसे सुनहरा अवसर?

तेजस्वी ने केरल में मीडिया से बातचीत में एलडीएफ के फिर चुनाव जीतने और सरकार बनाने का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि वो बिहार से आते हैं, जो देश का सबसे गरीब राज्य है। तेजस्वी ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा की बात करें तो भी बिहार सबसे नीचे पायदान पर है, लेकिन केरलम में शिक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग उच्चतम है। एलडीएफ उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करने केरल पहुंचे तेजस्वी का राज्य के सीएम और सीपीएम नेता पिनाराई विजयन ने आभार जताया है और कहा है कि सेकुलर ताना-बाना को बचाने की लड़ाई में तेजस्वी के आने से मजबूती मिली है।

तेजस्वी यादव का अंग्रेजी में भाषण का वीडियो नीचे देखें

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।