पटना से संजीव और दिलीप, दरभंगा से अनिल RJD कैंडिडेट; तेजस्वी ने MLC चुनाव में 6 टिकट बांटे
तेजस्वी यादव की राजद ने बिहार विधान परिषद चुनाव के 6 एमएलसी प्रत्याशियों के नामों की शुक्रवार को घोषणा कर दी। पटना से पूर्व विधायक संजीव सिंह और दिलीप कुमार को टिकट दिया गया है। वहीं, दरभंगा से अनिल झा को मैदान में उतारा गया है। कोसी, तिरहुत की सीटों पर भी पार्टी ने टिकट बांट दिए हैं।
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव में लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने 6 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। राजद ने पटना शिक्षक एमएलसी सीट से संजीव कुमार सिंह को टिकट दिया है। संजीव पिछले साल खगड़िया जिले की परबत्ता सीट से बिहार विधानसभा का चुनाव हार गए थे। इससे पहले वह परबत्ता से ही पूर्व सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से विधायक रह चुके हैं। इसके अलावा, पटना स्नातक सीट से राजद ने दिलीप कुमार को उम्मीदवार बनाया है। राजद ने दरभंगा स्नातक, कोसी स्नातक, सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीट से भी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।
राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने शुक्रवार शाम बिहार विधान परिषद की 6 सीटों पर उम्मीदवारों की सूची जारी की। एमएलसी चुनाव में कैंडिडेट का ऐलान करने वाली राजद पहली पार्टी है। राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने कोसी स्नातक सीट से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से जयराम यादव और तिरहुत स्नातक सीट से रश्मि विनायक गौतम को टिकट दिया है।
तेजस्वी ने कांग्रेस और लेफ्ट के लिए छोड़ी दो सीटें?
राजद ने तिरहुत शिक्षक और दरभंगा शिक्षक सीट से उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। इन दोनों सीटों पर अभी राजद के सहयोगी दलों के एमएलसी हैं। दरभंगा शिक्षक सीट कांग्रेस, तो तिरहुत शिक्षक सीट सीपीआई के पास है। राजद ने कहा कि इन दोनों सीटों पर अभी विचार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि तेजस्वी यादव ये दोनों सीटें अपने सहयोगी दलों के लिए छोड़ सकते हैं।
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव जल्द
विधान परिषद में स्नातक और शिक्षक कोटे की 8 सीटों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को पूरा हो रहा है। इन सीटों पर चुनाव की घोषणा जल्द होने वाली है। इस बार एमएलसी चुनाव में त्रिकोणीय या चतुष्कोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। जदयू-भाजपा समर्थित एनडीए और राजद समर्थित महागठबंधन के अलावा प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी सभी 8 सीटों पर चुनौती देने को तैयार है। इसके अलावा, अलग-अलग सीटों पर निर्दलीय भी ताल ठोक सकते हैं।
राजद ने सबसे पहले बांटे टिकट
एमएलसी चुनाव में टिकट बांटने में तेजस्वी यादव ने अन्य सभी दलों को पीछे छोड़ दिया है। राजद ने सबसे पहले उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पिछले सप्ताह जन सुराज पार्टी के चीफ प्रशांत किशोर ने भी 3-4 दिनों में कैंडिडेट लिस्ट जारी करने की बात कही थी। हालांकि, जन सुराज के उम्मीदवारों के नाम अभी तक नहीं घोषित हुए हैं।
भाजपा और जदयू को गढ़ में टक्कर देगी राजद
पटना की स्नातक और शिक्षक कोटे की दोनों सीटें एनडीए का मजबूत गढ़ माना जाता है। पटना शिक्षक सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नवल किशोर यादव का लगभग 3 दशक से कब्जा है। वह लगातार 5 बार से यहां से एमएलसी हैं। पिछले साल जदयू छोड़ राजद में आए परबत्ता के पूर्व विधायक संजीव कुमार सिंह को तेजस्वी यादव ने पटना शिक्षक एमएलसी सीट से मैदान में उतारा है।
दूसरी ओर, पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार लगातार तीन बार से एमएलसी चुनाव जीतते आ रहे हैं। इस सीट से राजद ने दिलीप कुमार को कैंडिडेट बनाया है। स्नातक और शिक्षक कोटे की सीटों पर बैलेट पेपर से वोटिंग होती है। स्नातक सीट पर निर्वाचन क्षेत्र के ग्रेजुएट मतदाता वोट डालते हैं। इनकी वोटर लिस्ट अलग से बनाई जाती है।


