तेजस्वी के मार्च में 'एके-47' लेकर पहुंचे RJD वाले, पुलिस ने वाटर कैनन चलाया तो डांस करने लगे
तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च के दौरान राजद कार्यकर्ता डमी एके-47 लेकर पहुंच गए। पुलिस ने जब उन्हें खदेड़ने के लिए वाटर कैनन चलाए, तो राजद कार्यकर्ता पानी की बौछारों पर डांस करने लग गए। पटना पुलिस ने तेजस्वी समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने लोकभवन मार्च निकाला। इस दौरान राजद कार्यकर्ता हाथ में विरोध स्वरूप डमी एके-47 लेकर पहुंच गए। पिछले महीने सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा एके-47 से गोली चलाने की घटना पर राजद ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, पटना के आयकर गोलंबर के पास बुधवार को राजद के मार्च पर जब पुलिस ने वाटर कैनन चलाए, तो कार्यकर्ता वहां से भागने के बजाय पानी की बौछारों में डांस करने लगे। फिर दोपहर में पटना पुलिस ने तेजस्वी समेत कई राजद कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
एके-47 से फायरिंग के विरोध में राजद का लोकभवन मार्च बुधवार सुबह पटना के जेपी गोलंबर से शुरू हुआ। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर आगे बढ़ने लगे। उन्होंने निहत्थे आंदोलनकारियों पर गोली चलाने, पेपर लीक की घटनाओं आदि के विरोध में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
डाकबंगला चौराहा की बैरिकेडिंग तोड़ी
राजद कार्यकर्ता जेपी गोलंबर से मार्च करते हुए डाकबंगला चौराहा पहुंचे। वहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और आगे बढ़ गए।
इसके बाद पुलिस-प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आयकर गोलंबर के पास रोक दिया। इनकम टैक्स ऑफिस के पास बड़ी संख्या में अधिकारी और सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। वहां भी राजद कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने पानी की बौछार कर दी।
'एके-47' लेकर पहुंचे राजद कार्यकर्ता
तेजस्वी के नेतृत्व में बुधवार को हुए लोकभवन मार्च के दौरान कुछ राजद कार्यकर्ताओं ने पुलिस लिखे टीशर्ट पहनकर हाथ में डमी एके-47 लेकर प्रदर्शन किया। उनके बगल में स्टूडेंट लिखे कपड़े पहन कुछ अन्य कार्यकर्ता खड़े थे। उन पर डमी एके-47 तानकर कार्यकर्ताओं ने सीवान में 25 जुलाई को हुई पुलिस फायरिंग की घटना का प्रतीकात्मक विरोध किया।
पानी की बौछारों में डांस करने लगे राजद कार्यकर्ता
तेजस्वी के मार्च पर जब आयकर गोलंबर के पास पुलिस ने वाटर कैनन चलाए, तो भी राजद कार्यकर्ता वहीं डटे रहे। कई कार्यकर्ता पानी की बौछारों में डांस करते हुए मजे लेने लगे।
तेजस्वी यादव हिरासत में लिए गए
तेजस्वी यादव समेत कई अन्य कार्यकर्ताओं को पटना पुलिस ने इनकम टैक्स कार्यालय के पास से हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें सचिवालय थाना लेकर गई। कुछ देर बाद उन्हें छोड़ दिया जाएगा।
राज्यपाल से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
सूत्रों के अनुसार, बताया जा रहा है कि राजद के एक प्रतिनिधिमंडल को राज्यपाल सैयद अता हसनैन के पास भेजा जाएगा। प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात कर पार्टी की मांगों वाला ज्ञापन उन्हें सौंप देगा। सभी प्रदर्शनकारियों को पुलिस-प्रशासन ने लोकभवन तक जाने की अनुमति नहीं दी है।


