चुनाव आयोग को घेरने के चक्कर में फंस गए तेजस्वी यादव? दो वोटर कार्ड रखने का आरोप; जांच की मांग
संक्षेप: तेजस्वी यादव के वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने के दावे को चुनाव आयोग द्वारा गलत बताने के बाद अब बीजेपी ने निशाना साधा है। भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि तेजस्वी के पास दो वोटर कार्ड हो सकते हैं। चुनाव आयोग से जांच की मांग की है।
बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के एसआईआर के बाद वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने के दावे को चुनाव आयोग ने झूठा बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया है। आयोग ने सबूत समेत वोटर लिस्ट में क्रमांक 416 पर तेजस्वी का नाम दिखाया है। अब इस मामले पर बीजेपी ने चुनाव आयोग से जांच की मांग की है। बिहार भाजपा के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि कहा तेजस्वी की प्रेस कॉन्फ्रेस से साफ हो गया है कि वो दो या उससे भी अधिक वोटर आई कार्ड बनवा रखे हैं और बिहार की जनता को गुमराह करना चाहते हैं।

वीडियो जारी कर नीरज कुमार ने चुनाव आयोग से मांग की, कि धारा 171 एफ आईपीसी तथा अन्य अपराधिक मुकदमा दर्ज कर उनके वोटिंग अधिकार को अस्थाई रूप से निलंबित किया जाए और अन्य कानूनी धाराओं के तहत कैद और जुर्माने की प्रक्रिया चालू की जाए। तेजस्वी का यह फ्रॉड एक गंभीर मामला है और इसकी भी जांच होनी चाहिए की आरजेडी ऑफिस से कितने नकली वोटर आई कार्ड बनाए गए हैं।
वहीं भाजपा नेता निखिल आनंद ने भी ट्वीट कर तंज कसा है। उन्होने कहा कि प्रिय भाई तेजस्वी यादव! अगर आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, तो चिंता न करें। हमें आपका नाम वोटर लिस्ट में मिल गया है। अब आप चुनाव कैसे लड़ेंगे, इसकी चिंता छोड़ दीजिए। अब आप बेफिक्र होकर चुनाव लड़ सकते हैं।
बताया जा रहा है कि तेजस्वी ने प्रेस से EPIC नंबर (RAB 2916120) साझा किया था, जो किसी भी आधिकारिक डेटा बेस, ड्राफ्ट रोल या वोटर लिस्ट में मौजूद नहीं है। आयोग ने इस आधार पर आशंका जताई है कि यह फर्जी पहचान पत्र हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चुनाव आयोग ने तेजस्वी यादव के दूसरे वोटर ID कार्ड की जांच शुरू कर दी है।





