भ्रष्ट ठेकेदार रिशुश्री से तेजस्वी यादव के अच्छे संबंध, भाजपा सांसद का दावा; ठेका देने पर भी उठाए सवाल

हिन्दुस्तान, h, पटना
Follow us on Google News
share

बीजेपी के सांसद ने तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला बोला है। बीजेपी सांसद ने कहा है कि भ्रष्ट ठेकेदार रिशु श्री से तेजस्वी यादव केे अच्छे संबंध है। उन्होंने कहा कि राजद नेताओं को सबसे पहले यह बताना चाहिए कि उनके सत्ता में रहते कितना कमीशन लिया गया?  

tejashwi yadav rishu shree

बिहार के चर्चित टेंडर घोटाले में आरोपी रिशु श्री के खिलाफ अभी जांच चल रही है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के एक सांसद ने आरोप लगाया है कि बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के संबंध रिशु श्री से अच्छे हैं। इसी के साथ बीजेपी सांसद ने रिशु श्री को ठेका देने पर भी सवाल उठाए हैं। भाजपा सांसद शिवेश राम ने टेंडर घोटाले के आरोपित रिशु श्री का नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव से बेहतर संबंध होने का आरोप लगाते हुए राजद पर हमला बोला है। शनिवार को जारी बयान में उन्होंने राजद सांसद सुधाकर सिंह के भ्रष्टाचार पर दिए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने कार्यकाल और अपने नेताओं के आचरण का जवाब दे।

उन्होंने कहा कि राजद नेताओं को सबसे पहले यह बताना चाहिए कि उनके सत्ता में रहते कितना कमीशन लिया गया। जिस रिशु श्री की चर्चा की जा रही है उनका तेजस्वी यादव से अच्छे संबंध हैं। यह तेजस्वी के बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहते दिखा भी था। भोजपुर मेडिकल कॉलेज और मुंगेर मेडिकल कॉलेज के निर्माण का ठेका महाराष्ट्र की कंपनी नियति कंस्ट्रक्शन को किस आधार पर दिया गया था। जिस कंपनी के पास पर्याप्त अनुभव नहीं था, उसे टेंडर कैसे मिला और इस पूरी प्रक्रिया में कितने का सौदा हुआ था।

राजद सांसद ने क्या कहा था

इससे पहले राजद सांसद सुधाकर सिंह एक बार फिर रिशुश्री से जुड़े टेंडर घोटाला मामले में प्रदेश सरकार पर हमलावर दिखे थे। पार्टी कार्यालय में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोपितों को बचाने का आरोप लगाया था। उन्होंने सवाल किया था कि कौन लोग जांच एजेंसी पर दवाब बना रहे हैं? ईडी की जांच रिपोर्ट में जिन आईएएस अधिकारियों का उल्लेख है, उनसे अब तक न पूछताछ हुई, ना ही उनके विरुद्ध कार्रवाई। विशेष सतर्कता इकाई और आर्थिक अपराध इकाई की जांच प्रक्रिया पर भी राजद सांसद ने सवाल उठाए थे।

उन्होंने आरोप लगाया था कि हजारों करोड़ों की लूट और अनियमितता के पुख्ता सबूत हैं। उन्होंने व्हाट्सएप चैट का जिक्र करते हुए दावा किया कि टेंडर के बदले संबंधित अधिकारियों तक कमीशन पहुंचाया जाता था। उन्होंने पूछा था कि सरकार बताए कि पांच किग्रा किसके लिए कहा गया है? साथ ही उन्होंने आरोप लगाया था कि उगाही के लिए कई अधिकारियों को सेवा विस्तार दिया गया। सेवा विस्तार की अनुशंसा करने वाले अधिकारियों और मंत्रियों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई?

तेजस्वी यादव ने पूछे थे गंभीर सवाल

बता दें कि बिहार में पिछले कई दिनों से ठेकेदार रिशु श्री से जुड़ा कथित निविदा (टेंडर)घोटाला एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इससे पहले इस मामले को लेकर राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा था कि हजारों करोड़ रुपये के कथित निविदा घोटाले में अब तक कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब नहीं मिले हैं। तेजस्वी ने एक्स पर जारी पोस्ट में दावा किया था कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) और अन्य एजेंसियों की जांच में सामने आए तथ्यों के बाद सरकार को पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

उन्होंने कुल 20 सवालों के जरिए सरकार की कार्यप्रणाली, जांच की दिशा और प्रशासनिक जवाबदेही पर प्रश्न उठाए थे। उन्होंने कहा था कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक सामान्य ठेकेदार बताए जा रहे रिशु श्री ने कई विभागों की निविदा प्रक्रिया को इतना कैसे प्रभावित किया? उन्होंने पूछा था कि यदि यह सब वर्षों तक चलता रहा तो निगरानी तंत्र, वित्तीय ऑडिट और प्रशासनिक व्यवस्था क्या कर रही थी? उनके अनुसार यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि कहीं अधिकारियों ने निजी लाभ के लिए पूरे तंत्र की अनदेखी तो नहीं की।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsरिशुश्री से तेजस्वी के अच्छे संबंध, भाजपा सांसद का दावा; ठेका देने पर भी सवाल