
राघोपुर सीट से तेजस्वी यादव ने ठोक दी ताल, हाजीपुर में नामांकन के वक्त लालू-राबड़ी भी साथ
संक्षेप: राजद नेता तेजस्वी यादव पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और मां राबड़ी देवी के साथ बुधवार की दोपहर करीब 1:20 बजे हाजीपुर से समाहरणालय परिसर में पहुंचे। तेजस्वी यादव ने राघोपुर सीट से अपना नामांकन भरा है।
बिहार चुनाव को लेकर जारी हलचल के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। राजद नेता तेजस्वी यादव पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और मां राबड़ी देवी के साथ बुधवार की दोपहर करीब 1:20 बजे हाजीपुर से समाहरणालय परिसर में पहुंचे। यहां राघोपुर सीट के लिए नामांकन भरने के दौरान उनके साथ उनके माता-पिता के अलावा बहन मीसा भारती भी मौजूद रहीं।

राघोपुर सीट से तेजस्वी यादव साल 2015 और 2020 में जीत दर्ज कर चुके हैं। बुधवार को नामांकन के दौरान तेजस्वी यादव के समर्थकों का हुजूम उमड़ा हुआ था। इधर पार्टी नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार तेजस्वी यादव हर रोज कम से कम 15 चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। पार्टी की ओर से वे इकलौते ऐसा चेहरा हैं जो न केवल अपने दल बल्कि सहयोगी दलों के बीच भी सबसे अधिक लोकप्रिय हैं।
राजद के साथ ही घटक दलों के सभी उम्मीदवार हर हाल में तेजस्वी यादव को अपने विस क्षेत्र में चुनावी सभाएं कराना चाह रहे हैं। महागठबंधन के अगुआ होने के कारण तेजस्वी के चुनाव प्रचार की रणनीति ऐसी बनाई जा रही है कि नेता प्रतिपक्ष अधिकतम विधानसभा में जाकर अपनी पार्टी और घटक दलों के प्रत्याशियों के लिए वोट मांग सकें।
महागठबंधन में सीट बंटवारा फाइनल नहीं
आपको बता दें कि अभी महागठबंधन में सीटों बंटवारे को लेकर उलझन नहीं सुलझा है। कांग्रेस चुनाव में 60 से ज्यादा सीटें मांग रही है। राजद 55 सीटें देने के लिए राजी है। इस बीच महागठबंधन में शामिल दल अपने कुछ प्रत्याशियों को पार्टी का सिंबल भी बांट रहे हैं।





