एडी सिंह की जीत पक्की बता रहे तेजस्वी, राज्यसभा चुनाव में किसके भरोसे ताल ठोक रहे लालू के लाल

Sudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

तेजस्वी ने दावा किया कि रास चुनाव के लिए नंबर हमारे पास है, जीत पक्की है। बैठक में विधायकों को राज्यसभा चुनाव में मतदान करने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किस तरह वोट करना है ताकि एक भी मत बेकार न जाए।

एडी सिंह की जीत पक्की बता रहे तेजस्वी, राज्यसभा चुनाव में किसके भरोसे ताल ठोक रहे लालू के लाल

Rajya Sabha Elections: राज्यसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन ने मंगलवार को मैराथन बैठक की। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के सरकारी आवास एक पोलो रोड में हुई इस बैठक में राजद, कांग्रेस, वामदल और आईआईपी के विधायक मौजूद रहे। हालांकि बसपा और एआईएमआईएम के विधायकों ने इस बैठक से दूरी बनाए रखी। लगभग तीन घंटे तक चली इस बैठक में महागठबंधन ने रास चुनाव में जीत का दावा किया। हालांकि, कांग्रेस पार्टी के तीन विधायक इस बैठक में शामिल नहीं हुए। ऐसे में सवाल उठता है कि 35 विधायकों वाले विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव किसके भरोसे यह दावा कर रहे हैं।

बैठक में अध्यक्षता करते हुए तेजस्वी ने दावा किया कि रास चुनाव के लिए नंबर हमारे पास है, जीत पक्की है। बैठक में विधायकों को राज्यसभा चुनाव में मतदान करने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किस तरह वोट करना है ताकि एक भी मत बेकार न जाए। विधायकों को अपनी कलम उपयोग नहीं करने की नसीहत दी गई। तेजस्वी ने कहा कि बिहार की जनता ने महागठबंधन को अपार वोट दिया है। एक करोड़ 90 लाख लोगों का समर्थन हमारे गठबंधन के पास है। जनभावना महागठबंधन के साथ है।

राज्य चुनाव में जीत का दावा करते हुए तेजस्वी ने कहा कि राजद अपने राज्यसभा उम्मीदवार एडी सिंह की जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है। नंबर हमारे पास है तभी तो हम चुनाव लड़ रहे हैं। एआईएमआईएम का सहयोग लेने के लिए शीर्ष स्तर पर बातचीत जारी है। बसपा विधायक का भी सहयोग मिलने को लेकर महागठबंधन आश्वस्त है। बैठक में महागठबंधन के सभी विधायक मौजूद थे। एक-दो विधायक बैठक में नहीं आ सके पर उन्होंने विधिवत इसकी सूचना भेज दी थी।

यहां समझना जरूरी है कि आज ही एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान का बयान सामने आया है जिसमें उन्होंने याद दिलाया कि 2020 के चुनाव में एआईएमआईएम के पांच विधायक जीते थे जिनमें से 4 विधायकों को राजद ने तोड़ लिया था। पूरे पांच साल ओवैसी अपने भाषण में इसे मुद्दा बनाते रहे। 2025 के चुनाव में अख्तरुल ईमान तेजस्वी यादव के दरवाजे पर बैंड बजाते हुए महागठबंधन में शामिल होने की मांग करते गए थे। लेकिन, लालू यादव यादव या तेजस्वी ने दरवाजा भी नहीं खोला और ईमान को खाली हाथ लौटना पड़ा था। एआईएमआईएम खुद अपना उम्मीदवार देने के लिए महागठबंधन से सहयोग मांगा था। ऐसे में तेजस्वी का ओवैसी से बातचीत का दावा करना सहज नहीं लगता। लेकिन, राजनीति में कभी भी कुछ भी हो सकता है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।