तेजस्वी यादव ने राजद विधायकों को पटना बुलाया, राज्यसभा की एक सीट जीतने का फॉर्मूला बताएंगे

Mar 09, 2026 04:48 pm ISTJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को पटना में राजद विधायक दल की बैठक बुलाई है। इसमें राज्यसभा चुनाव की वोटिंग को लेकर विधायकों को निर्देश दिए जाएंगे। 

तेजस्वी यादव ने राजद विधायकों को पटना बुलाया, राज्यसभा की एक सीट जीतने का फॉर्मूला बताएंगे

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने अपने विधायकों को पटना बुला लिया है। राजद विधायक दल की बैठक मंगलवार को आयोजित की गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में तेजस्वी राजद विधायकों को राज्यसभा चुनाव को लेकर निर्देश देंगे। बिहार में 5 राज्यसभा सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। आरजेडी ने मौजूदा सांसद एडी सिंह को फिर से मैदान में उतारा है। 5 में से 4 सीटों पर एनडीए की जीत तय है, जबकि पांचवीं सीट पर विपक्ष जीत के लिए रणनीति बना रहा है।

राज्यसभा चुनाव 2026 में बिहार की 5 सीटों पर 6 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इनमें 5 उम्मीदवार एनडीए से हैं, जिनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के चीफ उपेंद्र कुशवाहा, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और भाजपा नेता शिवेश राम शामिल हैं। जबकि विपक्ष की ओर से आरजेडी ने अमरेंद्रधारी सिंह उर्फ एडी सिंह को मैदान में उतारा है।

हालांकि, किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है। इसके चलते मतदान होना तय है। सोमवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन का आखिरी दिन था। अब 16 मार्च को वोटिंग होगी।

4 सीटों पर एनडीए की जीत तय, पांचवीं पर सस्पेंस

बिहार विधानसभा में मौजूदा संख्याबल के आधार पर एनडीए की चार सीटों पर जीत तय मानी जा रही है। हालांकि, पांचवीं सीट पर जीत के लिए ना तो सत्ताधारी गठबंधन के पास पर्याप्त नंबर है और ना ही विपक्ष के पास। ऐसे में मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग के आसार बढ़ गए हैं।

राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों का वोट जरूरी है। एनडीए को पांचों सीटें जीतनी हैं, तो 3 अतिरिक्त विधायकों का समर्थन चाहिए। भाजपा, जदयू समेत अन्य सभी घटक दल पांचों सीटों पर जीत का दावा कर रहे हैं। एनडीए के नेताओं का यह भी दावा है कि विपक्ष के कुछ विधायक उनके संपर्क में हैं।

दूसरी ओर, विपक्षी दल महागठबंधन में राजद के 25 समेत कुल 35 विधायक हैं। राजद प्रत्याशी एडी सिंह को अगर जिताना है तो राजद को 6 अतिरिक्त विधायकों का समर्थन चाहिए। तेजस्वी की नजर असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और मायावती की बसपा पर है।

बिहार विधानसभा में AIMIM के 5 और बसपा का एक विधायक है। अगर वे राजद के समर्थन में वोट करते हैं तो विपक्षी प्रत्याशी की जीत हो सकती है, हालांकि महागठबंधन के विधायकों की क्रॉस वोटिंग रोकना भी तेजस्वी के सामने बड़ी चुनौती होगी।

(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।