तेजस्वी यादव गिरफ्तार होंगे? पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद नित्यानंद राय ने लालू राज के घोटाले गिनाए
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि कई भ्रष्टाचार उनके परिवार द्वारा किया गया है। जो इन लोगों ने किया है उसका नतीजा तो भुगतना ही पड़ेगा। इनमे ये सारे लक्षण मौजूद हैं।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा वार किया है। उन्होंने कहा कि वो गलत करेंगे तो उनपर मुकदमा होगा ही। जो किया है, वह सामने आया है। यह देश कानून के हिसाब से चलता है। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि कई भ्रष्टाचार उनके परिवार द्वारा किया गया है। चारा घोटाला, अलकतरा घोटला, भूमि घोटाला, नौकरी के बदले जमीन लेने का घोटाला, उनके परिवार द्वारा हुआ है। बिहार में उनके परिवार के सत्ता में रहते ही जंगलराज आया था। सारे अवगुण उनमें मौजूद हैं। तेजस्वी यादव ने जो किया है, वह भुगतना ही पड़ेगा।
रविवार को पटना पहुंचे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मीडिया से पप्पू यादव की गिरफ्तारी और तेजस्वी यादव के नाबालिग रहते केस और भ्रूण हत्या वाले बयान पर जवाब दिया। कहा कि तेजस्वी यादव बताएं कि उनके परिवार के द्वारा कई घोटाले और घपले किए गए या नहीं। उनके परिवार की सत्ता रहते कई ऐसे काम हुए जिसके चलते उन पर मुकदमा होगा, कानून के हाथ उनतक पहुंचेगे और कार्रवाई भी होगी। जो इन लोगों ने किया है उसका नतीजा तो भुगतना ही पड़ेगा। इनमे ये सारे लक्षण मौजूद हैं।
सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कोई कानून तोड़ेगा, किसी का मकान हड़पेगा, तो एफआईआर होगी ही। पुलिस पकड़ेगी ही। उन्होंने कानून तोड़ा है तो गिरफ्तारी हुई है। उनके साथ किसी प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई नहीं हुई है। कोर्ट के वारंट पर उनकी गिरफ्तारी हुई है। इसमें केंद्र या राज्य सरकार का कहीं से हाथ नहीं है।
नित्यानंद राय बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय बिहार दौरे को लेकर रविवार को पटना पहुंचे। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बिहार पधार रहे नितिन नवीन के स्वागत की तैयारी में बीजेपी जुटी है। उनके आने से भाजपा कार्यकर्ता के साथ बिहार की जनता भी उत्साहित है।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें


