तेजस्वी यादव ने जेडीयू विधायक विभा देवी से कही न्याय दिलाने की बात, राजबल्लभ से घर जाकर मिले नेता प्रतिपक्ष

Apr 07, 2026 04:45 pm ISTJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, नवादा
share

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार शाम नवादा में बाहुबली पूर्व मंत्री राजबल्लभ एवं जेडीयू विधायक विभा देवी के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। नेता प्रतिपक्ष ने दोनों को उनके बेटे की मौत के मामले में न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। 

तेजस्वी यादव ने जेडीयू विधायक विभा देवी से कही न्याय दिलाने की बात, राजबल्लभ से घर जाकर मिले नेता प्रतिपक्ष

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव नवादा से जनता दल यूनाइटेड (JDU) की विधायक विभा देवी के घर पहुंच गए। उन्होंने विभा देवी एवं उनके पति पूर्व मंत्री राजबल्लभ यादव को बेटे की मौत पर ढांढ़स बंधाया। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी ने भरोसा दिलाया कि वह उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रयास करेंगे। राजबल्लभ एवं विभा देवी के बेटे अखिलेश कुमार की पिछले महीने सड़क हादसे के बाद मौत हो गई थी। बता दें कि कभी लालू परिवार के करीबी रहे राजबल्लभ के आरजेडी से रिश्ते खराब हो गए थे और पिछले साल चुनाव से पहले विधायक पत्नी के साथ उन्होंने जेडीयू जॉइन कर ली थी।

नवादा के पथरा इंग्लिश गांव स्थित बाहुबली एवं पूर्व श्रम राज्यमंत्री राजबल्लभ प्रसाद यादव एवं जेडीयू विधायक विभा देवी के आवास पर सोमवार को तेजस्वी यादव पहुंचे। तेजस्वी ने उनके बेटे अखिलेश कुमार की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली।

तेजस्वी यादव ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि यह विपत्ति पहाड़ से भी भारी है, लेकिन ऐसे कठिन समय में धैर्य बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने परिवार को रोजमर्रा के कार्यों में स्वयं को व्यस्त रखने की सलाह दी, ताकि मानसिक मजबूती बनी रहे। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को यह दु:ख को सहने की शक्ति दें।

तेजस्वी के आने की सूचना मिलते ही सोमवार को जिले भर से नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भीड़ दोपहर बाद से राजबल्लभ के आवास पर जुटने लगी थी। हालांकि, नेता प्रतिपक्ष का आगमन शाम करीब 7 बजे हुआ।

इस दौरान विधायक विभा देवी ने भावुक होकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और नवादा के धर्मशीला देवी अस्पताल की कथित लापरवाही से हुई अपने पुत्र की मौत के संबंध में साक्ष्य और दस्तावेज तेजस्वी यादव को सौंपे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन, फर्जी चिकित्सकों एवं कर्मियों के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच की मांग की। इस पर तेजस्वी यादव ने न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास का भरोसा दिलाया।

बेटे की एक्सीडेंट में हुई थी मौत, अस्पताल पर केस

बीते 19 मार्च को राजबल्लभ एवं विभा देवी के बेटे अखिलेश कुमार का घर के पास थार गाड़ी से एक्सीडेंट हो गया था। उनकी गाड़ी एक पेड़ से टकरा गई थी। गंभीर रूप से घायल अखिलेश को इलाज के लिए नवादा के धर्मशीला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर 7 घंटे बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया गया था। फिर पटना के एक निजी अस्पताल में अखिलेश की मौत हो गई थी।

बेटे की मौत के बाद से राजबल्लभ एवं विभा देवी सदमे में हैं। वहीं, परिवार ने धर्मशीला अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप भी लगाया। 23 मार्च को राजबल्लभ प्रसाद यादव ने नवादा के मुफस्सिल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद सदर अस्पताल के विशेषज्ञों ने प्रारंभिक जांच की जिसमें अस्पताल प्रशासन की लापरवाही बताई गई। 1 अप्रैल को अस्पताल के मालिक, प्रबंधन और डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। अब इसकी जांच की जा रही है।

कभी लालू यादव के खास थे राजबल्लभ

नवादा के चर्चित बाहुबली राजबल्लभ यादव एक समय आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के काफी करीबी थे। लालू ने राजबल्लभ को विधायक और मंत्री बनाया था। लगभग दो दशक तक दोनों के रिश्ते काफी गहरे रहे। 2016 में राजबल्लभ यादव पॉक्सो मामले में जेल चले गए। इसके बाद धीरे-धीरे दोनों के रिश्ते में दरार आने लगी।

2020 में राजबल्लभ की पत्नी विभा देवी आरजेडी के टिकट पर नवादा से चुनाव जीतीं। हालांकि, अगला चुनाव आते-आते उन्होंने पाला बदल दिया और जेडीयू जॉइन कर ली। 2025 में विभा देवी ने जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़ा और आरजेडी के कौशल यादव हराकर दोबारा विधायक चुनी गईं।

तेजस्वी की पत्नी को राजबल्लभ ने कहा था जर्सी गाय

सितंबर 2025 में राजबल्लभ यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री के बारे में विवादित टिप्पणी कर दी थी। राजबल्लभ ने एक सार्वजनिक रैली में कहा था कि तेजस्वी सिर्फ वोट के लिए जाति की बात करते हैं, लेकिन शादी उन्होंने समाज से बाहर की। उन्होंने कहा था कि क्या तेजस्वी को बिहार में कोई यादव लड़की नहीं मिली, जो उन्हें हरियाणा-पंजाब से जर्सी गाय लानी पड़ी।

इस बयान पर खूब विवाद हुआ था। आरजेडी नेताओं ने राजबल्लभ यादव के खिलाफ सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और सार्वजनिक माफी की मांग की थी।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।