आक्रोश मार्च और लोकभवन मार्च, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ तेजस्वी के नेतृत्व में MGB का बिहार में हल्लाबोल
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर महागठबंधन के नेता अब बिहार में सड़क पर उतरेंगे। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में 7 अक्टूबर को आक्रोश मार्च और 8 अक्टूबर को लोकभवन मार्च का प्लान बना है।
बिहार के विपक्षी दलों के विधायक, विधान पार्षद और नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर आठ अक्टूबर को लोकभवन मार्च करेंगे। मार्च नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी के नेतृत्व में निकलेगा। इसी दिन जिला मुख्यालयों पर इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के नेता धरना देंगे। इसके पहले सात अक्तूबर को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर आक्रोश मार्च होगा। सोमवार को यह जानकारी नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक पोलो रोड स्थित अपने आवास पर महागठंधन के नेताओं के साथ साझा प्रेस वार्ता में दी। तेजस्वी ने कहा कि छह अक्तूबर को दिल्ली में चुनाव आयोग के समक्ष इंडिया गठबंधन के सांसदों का लोकतंत्र बचाओ मार्च होगा। 15 अक्तूबर के बाद राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा। लोकतंत्र ही नहीं बचेगा तो फिर चुनाव का क्या मतलब है। आरोप लगाया कि बिहार में विस चुनाव के पहले एसआईआर के तहत मतदाता सूची से सही लोगों का नाम काटा गया। वोट की चोरी हुई।
बिहार से ही एसआईआर की शुरुआत भाजपा और केंद्र के कहने पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश गुप्ता ने करवायी। बिहार में मोदी जी ने लोकतंत्र को खत्म करने का प्रयोग किया। हमलोग लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष और आंदोलन करेंगे। कहा कि पिछले 10 महीने में 14 बार मुख्य चुनाव आयोग के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के कपिलदेव यादव, वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी, भाकपा के रामनरेश पांडेय, माले के धीरेंद्र झा, माकपा के अजय कुमार, आईईपी के आईपी गुप्ता मौजूद थे।
संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही केंद्र सरकार : मुकेश सहनी
विकासशील इंसान पार्टी के संरक्षक मुकेश सहनी ने सोमवार को चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि देश का लोकतंत्र और संविधान गरीब, पिछड़े और दलितों के अधिकारों का सबसे बड़ा आधार है। इसलिए चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष होना चाहिए और संवैधानिक संस्थाओं को बिना किसी दबाव के स्वतंत्र तरीके से काम करना चाहिए। सहनी ने कहा कि बिहार हमेशा से लोकतत्र तथा जन आंदोलनों की धरती रही है। देश में जब भी लोकतंत्र और अधिकारों की लड़ाई हुई है, बिहार ने उसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

