
राहुल-खरगे से मिले बिना पटना लौटे तेजस्वी; कहा- महागठबंधन में सीट बंटवारा 1-2 दिन में
संक्षेप: Bihar Elections: महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर दिल्ली में तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेताओं के बीच बैठक हुई। लेकिन राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से बिना मिले ही तेजस्वी पटना लौट आए। इस दौरान उन्होने कहा कि बैठक सकारात्मक रही है। एक-दो दिन में सीट बंटवारे की घोषणा हम लोग कर देंगे।
Bihar Chunav: बिहार चुनाव को लेकर महाठबंधन में सीट बंटवारा अभी तक लटका हुआ है। सोमवार को देर रात नेता प्रतिपक्ष और राजद के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से बिना मिले ही दिल्ली से पटना आ गए। दिल्ली में छत्तीसगढ़ से कांग्रेस सांसद फूलो देवी नेताम के आवास पर तेजस्वी और कांग्रेस नेताओं के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत हुई। कांग्रेस की ओर से वेणुगोपाल, कृष्णा अल्लावरू, राजेश राम और शकील अहमद खान मौजूद थे। वहीं आरजेडी से तेजस्वी यादव और संजय यादव मौजूद रहे। इस दौरान सीटों को लेकर गंभीर चर्चा हुई।

तेजस्वी के पटना रवाना होते ही प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और प्रभारी कृष्णा अल्लावरू कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पहुंच गए। वहीं पटना पहुंचे तेजस्वी यादव ने कहा कि हम बहुत जल्द सीट शेयरिंग का ऐलान करेंगे। अगले एक- दिन में इसकी घोषणा कर देंगे। उन्होने दोहराया कि हम बिहार जीतने जा रहे हैं। महागठबंधन सरकार बनाने के लिए तैयार है, और 14 नवंबर से बिहार में बेरोज़गारी जैसे मुद्दों का समाधान शुरू हो जाएगा। सीट बंटवारे की घोषणा भी जल्द करेंगे।
वहीं तेजस्वी साथ वीआईपी चीफ मुकेश सहनी भी पटना पहुंचे। सहनी ने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। हमारा गठबंधन पूरी तरह स्वस्थ्य है। कल नहीं तो परसों हर हाल में सीट बंटवारे का ऐलान हो जाएगा। सीटों को लेकर अलायंस में किसी तरह का कोई असमंजस नहीं है। इस बीच जानकारी ये भी सामने आई है कि तेजस्वी यादव 15 अक्टूबर को नामांकन करेंगे। वे राघोपुर विधानसभा सीट से तीसरी बार चुनाव लड़ेंगे। 2020 और 2015 में तेजस्वी ने राघोपुर से चुनाव जीता था। एक बार फिर से राघोपुर से चुनावी मैदान में उतरेंगे।
आपको बता दें एनडीए में सीट बंटवारे का ऐलान हो चुका है। और अब प्रत्याशियों की लिस्ट जारी होना बाकी है। लेकिन इंडिया अलायंस में अभी भी सीट शेयरिंग अटकी हुई है।





