तेजस्वी का दावा- नीतीश ने गृह विभाग छोड़ा तो अपराध बढ़ गए, सम्राट बोले- फैसले CM ही ले रहे

Feb 20, 2026 05:30 pm ISTJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार ने गृह विभाग छोड़कर भाजपा को दिया उसके बाद से बिहार में अपराध बेलगाम हैं। इस पर गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि सिर्फ दायित्व बदला है, नेता अब भी नीतीश कुमार ही हैं।

तेजस्वी का दावा- नीतीश ने गृह विभाग छोड़ा तो अपराध बढ़ गए, सम्राट बोले- फैसले CM ही ले रहे

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को राज्य में बढ़ते अपराध पर एनडीए सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गृह विभाग छोड़ दिया तो राज्य में अपराध चरम पर पहुंच गए। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सीएम बेसहाय हो गए हैं, इसलिए उन्होंने सबसे अहम माने जाना वाला गृह विभाग अपनी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (BJP) को दे दिया। दूसरी ओर, डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने सदन में स्पष्ट किया कि सरकार में दायित्व बदला गया है, लेकिन नेता अब भी नीतीश कुमार ही हैं। सरकार के सभी अंतिम फैसले सीएम ही लेते हैं।

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को विधानसभा के बाहर मीडिया से बातचीत में नीतीश सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध बेलगाम हो गए हैं और सरकार अपराधियों को बचा रही है। तेजस्वी ने कहा, "मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में हैं, उनको कोई मतलब नहीं रह गया है।"

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री सबसे अहम माने जाने वाला गृह विभाग अपने पास रखता है। मगर नीतीश कुमार ने इस बार यह विभाग भाजपा को दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में अपराध सबसे ज्यादा अपराध हो रहे हैं। भाजपा और सरकार क द्वारा अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है।

सम्राट चौधरी का तेजस्वी पर पलटवार

गृह विभाग के बजट पर बोलते हुए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने विधानसभा में शुक्रवार को तेजस्वी के इस बयान का पलटवार किया। उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार 20 साल से गृह विभाग अपने पास रखे हुए थे। आज भी कोई गलतफहमी में ना रहें। नीतीश के नेतृत्व वाली ही सरकार है। सबके मुखिया नीतीश कुमार हैं। सिर्फ दायित्व बदला है, मैं वित्त मंत्री से गृह मंत्री बन गया, लेकिन नेता नीतीश कुमार हैं। आखिरी फैसला नीतीश कुमार का ही होता है।"

बिहार में अपराध बढ़ने के आरोपों का पलटवार करते हुए गृह मंत्री ने सदन में कहा कि अपराध हुए हैं तो गिरफ्तारियां भी हो रही हैं। हत्या और डकैती के मामले में 7000 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 2500 से अधिक लुटेरों को पकड़ा गया। पुलिस पर हमला करने वाले 2700 लोगों को गिरफ्तार किया गया, उन्हें जवाब भी दिया गया। किसी भी अपराधी को छोड़ा नहीं गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हमने लालू प्रसाद यादव का शासन भी देखा है। सत्ता के केंद्र में बैठा व्यक्ति जब सुशासन स्थापित नहीं हो सके तो उनसे अलग होना पड़ा। पुलिस को पूरी छूट मिली हुई है। किसी तरह का हम हस्तक्षेप नहीं करते हैं। अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है। नीतीश कुमार ने सुशासन की व्यवस्था की है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।