लालू के लाल तेज प्रताप करने लगे सरकार गिरने की भविष्यवाणी, नीतीश और सम्राट को लेकर भी नया दावा किया

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने बिहार में सरकार गिरने की भविष्यवाणी कर दी है। लालू यादव के बड़े लाल ने सीएम सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर नया दावा भी किया है। 

tej_pratap_yadav_on samrat nitish

बिहार के पूर्व मंत्री एवं जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने नया सियासी बम फोड़ दिया है। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने बिहार में एनडीए की सरकार गिरने की भविष्यवाणी की है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व सीएम नीतीश कुमार को लेकर नया दावा भी किया है। इस भविष्यवाणी से राजनीतिक गलियारे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। तेज प्रताप, पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव एवं राबड़ी देवी के बड़े बेटे हैं। उनका यह बयान शुक्रवार को सीएम सम्राट चौधरी के आवास पर हुई एनडीए की बैठक के बाद आया, जिसमें जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार भी शामिल हुए थे।

तेज प्रताप यादव ने शुक्रवार देर शाम सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह भविष्यवाणी की। उन्होंने कहा, "बिहार में बहुत जल्दी सरकार गिरने वाली है और नीतीश कुमार ने सम्राट कहकर मुख्यमंत्री को फटकार लगाई है। ये मैंने आपको कहा था, भविष्यवाणी की थी। मैं वृंदावन में हूं, बहुत जल्दी बिहार में जो सरकार है, बदल जाएगी।"

तेज प्रताप ने अपने पोस्ट में दावा किया है कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार में एनडीए के घटक दलों के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने पूर्व सीएम द्वारा मौजूदा सीएम को फटकार लगाने की बात भी कही। हालांकि, एनडीए की ओर से इस पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है।

सम्राट चौधरी के घर एनडीए की बैठक

दूसरी ओर, शुक्रवार को पटना के एक अणे मार्ग स्थित सीएम आवास पर एनडीए की अहम बैठक बुलाई गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पांचों घटक दलों (भाजपा, जदयू, लोजपा-आर, हम एवं रालोमो) के सभी जिलाध्यक्ष, आला नेता और मंत्री मौजूद रहे। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत अन्य नेता भी इसमें शामिल हुए।

इस बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जिलाध्यक्षों से सरकार के कामकाज का फीडबैक लिया। बिहार चुनाव के बाद जमीन पर संगठन एवं सरकार की स्थिति की भी समीक्षा की गई। एनडीए नेताओं के अनुसार, जमीन पर सरकार एवं संगठन के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से यह बैठक बुलाई गई थी।

बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी ने बदला कैंडिडेट

सम्राट के घर एनडीए की बैठक के बाद शुक्रवार शाम को बीजेपी ने पटना की बांकीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव में अपना कैंडिडेट बदल दिया। अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी के पीछे हटने के बाद नीरज कुमार सिन्हा के रूप में नए उम्मीदवार की घोषणा की गई। अभिषेक ने शाम में मीडिया के सामने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। उन्होंने एक दिन पहले ही बीजेपी प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया था।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।