तेज प्रताप यादव ने RJD में 5 जयचंद के नाम गिनाए, अनुष्का से रिलेशन को बताया साजिश

Feb 08, 2026 10:56 pm ISTJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

आरजेडी एवं लालू परिवार से निष्कासित होने के बाद जनशक्ति जनता दल नाम से नई पार्टी बनाने वाले तेज प्रताप यादव ने 5 जयचंद के नाम गिनाए हैं। साथ ही, अनुष्का यादव से उनकी कथित रिलेशन की बात को भी नकार दिया है। 

तेज प्रताप यादव ने RJD में 5 जयचंद के नाम गिनाए, अनुष्का से रिलेशन को बताया साजिश

लालू परिवार में चल रही कलह के बीच जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव फायर हो गए हैं। तेज प्रताप ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुद को राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और परिवार से निकाले जाने को जयचंदों की साजिश करार दिया। उन्होंने आरजेडी में मौजूद पांच नेताओं मुकेश रौशन, संजय यादव, रमीज खान, शक्ति सिंह और सुनील सिंह को जयचंद करार दिया। तेज प्रताप ने यह भी आरोप लगाया कि इन्हीं लोगों के इशारे पर अनुष्का यादव के साथ उनके फोटो और रिलेशन की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल की गईं और साजिश के तहत उन्हें बदनाम किया गया।

तेज प्रताप यादव ने रविवार रात पटना में पत्रकारों से बातचीत में कई अहम खुलासे किए। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र राजद में कुछ युवा कार्यकर्ता हैं जो कथित जयचंदों के इशारे पर सोशल मीडिया पर गंदी-गालियां देते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों से उनके बारे में जो कुछ भी सोशल मीडिया पर चलाया गया, वो सब अफवाह था। उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई।

अनुष्का से रिलेशनशिप से तेज प्रताप का इनकार

तेज प्रताप यादव ने इशारों में अनुष्का यादव से रिलेशन की बात को भी खारिज किया। उन्होंने कहा, "इससे हमारा कोई संबंध नहीं है, हमारा कोई लेना-देना नहीं है। हमारे फोटो जो वायरल किया गया था उसके बाद हमने कहा था कि अकाउंट हैक हो गया था, वो सही बात थी। हमारे पिता (लालू यादव) को जिस तरीके से झूठे मुकदमे में फंसाया गया, उसी तरीके से मुझे फंसाना चाहते हैं। हमारे खिलाफ साजिश रची जा रही है।"

अदालत और मोदी से गुहार लगाएंगे तेज प्रताप

जेजेडी चीफ ने कहा कि वह इस साजिश के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। साथ ही दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर भी मुद्दे को उठाएंगे।

अनुष्का संग फोटो आने के बाद पार्टी-परिवार से निकाले गए थे तेज

बता दें कि मई 2025 में तेज प्रताप के सोशल मीडिया अकाउंट से अनुष्का यादव नाम की एक लड़की के साथ रिलेशन की पोस्ट शेयर की गई थी। कुछ देर बात यह पोस्ट डिलीट कर दी गई और फिर एक अन्य पोस्ट में लिखा गया कि उनका अकाउंट हैक हो गया। हालांकि फिर सोशल मीडिया पर तेज प्रताप और अनुष्का के कई फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

चर्चा उठी कि अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय से चल रहे तलाक के मामले के बीच लालू यादव के बड़े बेटे किसी दूसरी लड़की से रिलेशन में हैं। विवाद बढ़ा तो आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया। साथ ही, उन्हें परिवार से भी बेदखल किया गया।

तेज प्रताप यादव ने बाद में जनशक्ति जनता दल नाम से नई पार्टी बनाई और कुछ सीटों पर बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ा। वे खुद महुआ सीट से जेजेडी के टिकट पर मैदान में उतरे, हालांकि ना तो वे और ना ही उनकी पार्टी का कोई कैंडिडेट जीत पाया। चुनाव के बाद लालू परिवार में घमासान मच गया।

लालू की बेटी रोहिणी आचार्या ने अपने भाई तेजस्वी यादव और उनके सहयोगी संजय यादव एवं रमीज पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। फिर तेज प्रताप भी अपनी बहन रोहिणी के समर्थन में आ गए। परिवार से बेदखल होने के बाद वे संजय यादव को इशारों में जयचंद कहते आए हैं। हालांकि, उन्होंने पहली बार नाम लेकर पांच नेताओं को जयचंद बताया है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Board 12th Result 2026 Live, बिहार न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।