
तेज प्रताप यादव के दही-चूड़ा भोज में पहुंचे लालू, विजय सिन्हा समेत कई नेता; तेजस्वी नहीं आए
Tej Pratap Yadav Highlights: जेजेडी अध्यक्ष तेज प्रताप यादव दही-चूड़ा भोज में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, आरजेडी सुप्रीमो एवं पिता लालू प्रसाद यादव, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, मंत्री अशोक चौधरी समेत कई नेता शामिल हुए।
Tej Pratap Yadav LIVE: मकर संक्रांति के मौके पर जनशक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के पटना स्थित आवास पर मकर संक्रांति के मौके पर दही चूड़ा भोज का आयोजन किया गया है। तेज प्रताप के भोज में सबसे पहले लालू प्रसाद यादव पहुंचे। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, नीतीश सरकार में मंत्री विजय चौधरी एवं अशोक चौधरी, रालोजपा प्रमुख पशुपति पारस, जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, समेत कई नेता तेज प्रताप के घर पहुंचे। हालांकि, उनके छोटे भाई एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अभी तक तेज प्रताप के भोज में नहीं पहुंचे हैं।
तेज प्रताप यादव ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव, मां राबड़ी देवी और भाई तेजस्वी यादव को दही-चूड़ा भोज में आने का निमंत्रण दिया था। उन्होंने बिहार सरकार के लगभग सभी मंत्रियों से मुलाकात कर उन्हें इस भोज में शामिल होने का न्योता दिया था।
तेज प्रताप के दही-चूड़ा भोज से जुड़े अपडेट्स यहां पढ़ें-

Tej Pratap Yadav LIVE Update:
03:08 PM- तेज प्रताप यादव के आवास पर दही-चूड़ा भोज में शामिल हुए डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि किसी भी जाति, धर्म, क्षेत्र, भाषा का व्यक्ति हो, कोई हमारे लोक त्योहार को मनाता है और आमंत्रण देता है तो हम इसका सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि ये (तेज प्रताप) हमारे पास आए, हम भी इनके पास आए। किसी व्यक्ति से मैं नफरत नहीं करता हूं। उनका व्यवहार, कार्य, सिद्धांत अलग हो सकता है। लेकिन हमारी सनातन संस्कृति का संस्कार और त्योहार एक है। सभी मिल जुलकर इसे मनाएं, आपसी भाईचारा बढ़ाएं। सिन्हा पत्रकारों से बातचीत के दौरान तेज प्रताप के भाजपा में आने के सवाल को टाल गए।
05:18 PM: तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी के कार्यक्रम में नहीं आने पर कहा कि जयचंदों ने उन्हें घेर रखा होगा। रात 9 बजे तक वह उनका इंतजार करेंगे।
02:25 PM: तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शुभ मौके से वह नई शुरुआत करने जा रहे हैं। आगामी दिनों में वह बिहार यात्रा पर निकलेंगे। तेजस्वी के दही-चूड़ा भोज में शामिल नहीं होने पर उन्होंने कहा कि छोटे भाई थोड़े देर से सोकर उठते हैं। लालू के आने पर कहा कि पिताजी ने आशीर्वाद दिया है।

14:01 PM - Tej Pratap Yadav LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मकर संक्रांति और लोहड़ी के पावन अवसर पर बुधवार को समस्त प्रदेशवासियों और देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनायें दीं। उन्होंने कामना की कि ये पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आये। अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि मकर संक्रांति और लोहड़ी केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व हैं। ये त्योहार आपसी भाईचारे, पारस्परिक स्नेह और सौहार्द्र को मजबूत करते हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि इन पर्वों को हर्षोल्लास और सद्भाव के वातावरण में मनायें।
उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति के अवसर पर पावन स्नान के बाद चूड़ा, दही और तिलकुट खाने-खिलाने की परंपरा है, जिससे समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव का संदेश जाता है। वहीं, नई फसलों के घर आने की खुशी में मनाया जाने वाला लोहड़ी पर्व किसान संस्कृति और खुशहाली का प्रतीक है। उन्होंने इन पर्वों के माध्यम से समाज में सकारात्मकता, सहयोग और आपसी सम्मान की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
13:55 PM - Tej Pratap Yadav LIVE: बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रत्नेश सदा के दही-चूड़ा भोज में विधायक श्याम रजक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जनसुराज नेता आरसीपी सिंह को लेकर बड़ा बयान दिया और खुला ऑफर देते हुए कहा कि अगर वे जेडीयू में आना चाहते हैं, तो उनका स्वागत है।
13:45 PM - Tej Pratap Yadav LIVE: बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी भी तेजप्रताप यादव के दही-चूड़ा भोज में शामिल हुए हैं।

13:42 PM - Tej Pratap Yadav LIVE: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव के आवास पर मकर संक्रांति समारोह में शामिल हुए।
13:36 PM - Tej Pratap Yadav LIVE: जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव ने कहा, "तेजू भईया का भोज सूपर डूपर हिट नहीं होगा तो किसका होगा...दही-चूड़ा के भोज का भव्य आयोजन किया गया...माता-पिता हमारे लिए भगवान हैं तो आशीर्वाद तो हमें मिलता रहेगा...सब लोग आएंगे..."
13:25 PM - Tej Pratap Yadav LIVE: JJD प्रमुख तेज प्रताप यादव के आवस पर पहुंचने पर RLJP के प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने कहा, "...14 जनवरी है, जितने भी ग्रह थे सब खत्म हो गया। आज से नया समीकरण बनेगा। जो लोग परिवार में बिखरे थे वे एक हो जाएंगे। बिहार की राजनीति में नया मोड़ आएगा।"
13:15 PM - Tej Pratap Yadav LIVE: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "मकर संक्रांति की सभी को शुभकामनाएं। यह भारत की संस्कृति है कि सबके साथ मिलकर नए वर्ष के तौर पर इसे मनाया जाता है... "
12:58 PM - Tej Pratap Yadav LIVE: तेजप्रताप यादव के दही-चूड़ा भोज में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और लालू प्रसाद यादव एक साथ बैठे नजर आए। तेजप्रताप यादव कई बार अपने पिता से बातचीत करते नजर आए। तेजप्रताप यादव मेहमाननवाजी में भी काफी व्यस्त नजर आए।
12:48 PM - Tej Pratap Yadav LIVE: मंगलवार को माता-पिता और भाई से मुलाकात के बाद तेजप्रताप यादव ने एक्स पर लिखा था, ‘आज अपने पिताजी आदरणीय श्री लालू प्रसाद यादव जी, माता जी आदरणीय श्रीमती राबड़ी देवी जी से 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पहुंचकर मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया और अपने छोटे भाई और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी से भी भेंट मुलाकात कर कल 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले "ऐतिहासिक दही -चूड़ा भोज" कार्यक्रम हेतु निमंत्रण पत्र देकर आमंत्रित किया। साथ ही आज अपनी प्यारी भतीजी कात्यायनी को गोद में खिलाने का अद्भुत पल भी प्राप्त हुआ।’
12:38 PM - Tej Pratap Yadav LIVE:बिहार सरकार के मंत्री रत्नेश सदा के आवास पर भी दही-चूड़ा भोज का आयोजन हुआ है। इस भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए।
12:30 PM - Tej Pratap Yadav LIVE: बिहार चुनाव में तेजप्रताप सहित उनकी पार्टी का कोई भी उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर सका, लेकिन एक दूरगामी राजनीतिक प्रभाव वाले कदम के तहत, विधानसभा चुनाव के बाद तेजप्रताप ने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राजग सरकार को नैतिक समर्थन देने की घोषणा की थी। उनके छोटे भाई तेजस्वी प्रसाद यादव के बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष होते हुए भी यह घोषणा कुछ अलग राजनीतिक संकेत दे रही थी। इसके बाद राजग नेताओं के साथ तेजप्रताप की नजदीकियों ने उनके बदले हुए तेवर की तरफ इशारा किया और भाजपा से उनकी नजदीकियों की अटकलें तेज होने लगीं।
12:28 PM - Tej Pratap Yadav LIVE: लालू यादव ने सभी को मकर संक्रांति की बधाई देते हुए कहा कि ये सौहार्द का पर्व है। इसमें सभी को आना चाहिए। वहीं तेज प्रताप को लेकर पूछे गए सवाल पर लालू यादव ने कहा कि उन्हें शुभकामनाएं हैं।
12:20 PM - Tej Pratap Yadav LIVE: जदयू विधायक चेतन आनंद भी तेज प्रताप के भोज में आये।JJDसुप्रीमो तेज प्रताप यादव खुद मेहमानों के स्वागत में लगे हुए हैं।
12:11 PM - Tej Pratap Yadav LIVE: अपनी गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव के साथ संबंध और शादी की खबरों को लेकर विवाद के बाद लालू प्रसाद ने पिछले साल उन्हें राजद से निष्कासित कर दिया था और यह भी घोषणा की थी कि उनके परिवार का तेज प्रताप से अब कोई संबंध नहीं है। इसके बाद तेज प्रताप ने पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में राजद के खिलाफ अपनी पार्टी के उम्मीदवार भी उतारे थे।
12:00 PM - Tej Pratap Yadav LIVE: पार्टी और परिवार से निकाले गए पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव मंगलवार की देर शाम 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास पहुंचे। यहां उन्होंने पिता लालू प्रसाद, मां राबड़ी देवी और अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव से मुलाकात की। इस मुलाकात की जानकारी स्वयं सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। साथ ही तस्वीरें भी साझा की। लिखा कि वह मकर संक्रांति पर आयोजित होने वाले दही -चूड़ा भोज के लिए निमंत्रण पत्र देने गए थे। साथ ही अपनी प्यारी भतीजी कात्यायनी को गोद में खिलाने का अद्भुत पल भी प्राप्त हुआ। उल्लेखनीय है कि परिवार से अलग होने के बाद वह पहली बार तेजस्वी से मिले।
11:57 AM - Tej Pratap Yadav LIVE: इससे पहले डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने पटना स्थित अपने सरकारी आवास पर चूड़ा-दही भोज का आयोजन किया था। इस भोज में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई नेता और तेजप्रताप यादव उपस्थित थे।
11:54 AM - Tej Pratap Yadav LIVE: बेटे के दही-चूड़ा भोज में आए लालू प्रसाद यादव से तेजप्रताप ने दही-चूड़ा खाने की अपील भी की। हालांकि, पिता लालू प्रसाद यादव ने खाने से मना करते हुए कहा कि पहले राज्यपाल को वो खिलाएं।
11:46 AM - Tej Pratap Yadav LIVE: अपने बेटे और पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव के चूड़ा दही भोज में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद पहुंचे। लालू ने कहा कि तेजप्रताप से कोई नाराजगी नहीं है। लालू ने कहा कि भोज में सबको शामिल होना चाहिए। तेज प्रताप ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के अलावा भाजपा नेताओं को भी आमंत्रित किया है। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खा भी तेज प्रताप के दही चुड़ा भोज में पहुंचे।
11:44 AM - Tej Pratap Yadav LIVE: तेजप्रताप यादव के दही-चूड़ा भोज में अब से बस थोड़ी ही देर बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भी आएंगे। तेजप्रताप यादव खुद सभी मेहमानों के स्वागत की तैयारी में जुटे हुए हैं।
11:40 AM - Tej Pratap Yadav LIVE: तेजप्रताप यादव के भोज में पहुंचे लालू
बेटे तेजप्रताप यादव के दही-चूड़ा भोज में लालू प्रसाद यादव पहुंच चुके हैं। इस भोज में सबसे पहले लालू प्रसाद यादव ही शामिल हुए। थोड़ी देर में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भी पहुंचने वाले हैं।





