मुझे जान से मारने की धमकी मिली, मोबाइल नंबर शेयर कर बोले तेज प्रताप यादव- वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांग रहा
जनशक्ति जनता दल पार्टी के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने दावा किया है उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। जेजेडी अध्यक्ष ने एक मोबाइल नंबर शेयर किया है और यह भी कहा है कि उनसे पैसों की डिमांड की गई है।
जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव अक्सर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में जब उन्होंने बिहार सरकार के एक मंत्री पर संगीन आरोप लगाए थे तब उन्हें मंत्री ने 50 करोड़ की मानहानि का नोटिस भी भेज दिया था। अब तेज प्रताप यादव ने दावा कर दिया है कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। इतना ही नहीं जेजेडी पार्टी के सुप्रीमो का यह भी दावा है कि उनसे पैसों की डिमांड की जा रही है। तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक मोबाइल नंबर भी शेयर किया है और कहा है कि इसी नंबर से उन्हें धमकी मिली है।
तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा, ' धमकी, ब्लैकमेलिंग और पैसे की मांग के मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग। आज दोपहर 3 बजकर 11 मिनट पर मुझे मोबाइल नंबर 7520322647 से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को एक मीडिया हाउस से जुड़ा हुआ बताते हुए मुझे जान से मारने की धमकी दी तथा वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और पैसे की मांग करने का प्रयास किया।
यह मामला केवल मेरे लिए ही नहीं, बल्कि जनशक्ति जनता दल से जुड़े अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। उक्त व्यक्ति पार्टी से जुड़े कई लोगों को फोन कर परेशान कर रहा है, धमकियां दे रहा है और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित रूप से पैसे की मांग कर रहा है।
मैं सरकार एवं संबंधित प्रशासन से मांग करता हूँ कि मोबाइल नंबर 7520322647 की तत्काल जांच कराकर फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए और उसके विरुद्ध कानून के अनुसार शीघ्र एवं कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, मेरे एवं पार्टी से जुड़े सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। धमकी, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून से ऊपर कोई नहीं है।
तेज प्रताप यादव ने सुरक्षा को लेकर लगाई थी गुहार
इससे पहले तेज प्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा की गुहार भी केंद्र औऱ राज्य सरकार से लगाई थी। तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा था, 'मेरी सुरक्षा को लेकर केंद्र एवं बिहार सरकार से गंभीर अपील। पिछले कई दिनों से मेरी सुरक्षा को लेकर लगातार गंभीर परिस्थितियाँ उत्पन्न हो रही हैं। दो दिन पूर्व मेरे आवास के बाहर दो शराब के नशे में लोगों को पकड़ा गया, जिसके बाद सचिवालय थाना को सूचना देकर पुलिस के हवाले किया गया। इसके बाद संबंधित लोगों के परिजनों द्वारा मेरे आवास के बाहर इकट्ठा होकर घेराव किया जाना सुरक्षा की दृष्टि से बेहद चिंताजनक घटना है।
मेरे कार्यक्रम बिहार सहित देश के विभिन्न हिस्सों में प्रस्तावित हैं, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण मेरा आवागमन और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होना प्रभावित हो रहा है। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए मेरी सुरक्षा को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।
मैं केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार से अपील करता हूँ कि पूरे मामले की गंभीरता से जाँच कराई जाए, मेरे आवास एवं आवागमन की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाए और मुझे तत्काल पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाना बेहद जरूरी है।'


