जेल की रोटी नहीं खा रहे थे तेजप्रताप यादव, खूब हुआ मान-मनौव्वल; अस्पताल में हैं भर्ती

हिन्दुस्तान, वरीय संवाददाता, पटना
Follow us on Google News
share

तेजप्रताप यादव को जेल का खाना कोई खास पसंद नहीं आ रहा है। पटना के बेऊर में कैद लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव जेल के अंदर खाना खाने से आनाकानी करते रहे। तेजप्रताप यादव को जेल की रोटी खिलाने के लिए काफी मान-मनौव्वल करना पड़ा है। 

Tej Pratap Yadav
Tej Pratap Yadav

लगता है पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को जेल की रोटी रास नहीं आ रही है। पटना के बेऊर जेल में कैद तेजप्रताप यादव ने जेल का खाना खाने से इनकार कर दिया। इसके बाद लालू के लाल को भोजन कराने के लिए काफी समय तक जेल के अंदर ही मान-मनौव्वल का सिलसिला चलता रहा। दरअसल पेपर लीक और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पटना में हुए प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों को उकसाने के मामले में गिरफ्तार तेजप्रताप यादव को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत के तहत बेऊर जेल में भेजा गया है।

फिलहाल उन्हें जेल अस्पताल में रखा गया है। जेल में जाने के बाद तेजप्रताप यादव वहां खाना खाने में आनाकानी करते रहे। जेल अधिकारियों के काफी समझाने के बाद उन्होंने खाना खाया। शनिवार की राात बेऊर जेल लाए गए तेजप्रताप को तबीयत खराब होने के कारण जेल के अस्पताल में रखा गया है। जेल अधिकारियों के मुताबिक, रविवार की सुबह उन्हें नाश्ता दिया गया लेकिन उन्होंने खाने से मना कर दिया। दोपहर में भी वह खाना खाने से आनाकानी कर रहे थे। इसके बाद जेल अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि खाना नहीं खाएंगे तो तबीयत और खराब हो जाएगी। इसके बाद उन्होंने रोटी, चावल और थोड़ी सी सब्जी खाई। तेजप्रताप पर सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाने का आरोप है।

पटना पुलिस ने 198 लोगों को बेऊर जेल भेजा

छात्र आंदोलन के दौरान पिछले चार दिनों में पटना पुलिस ने 198 लोगों को गिरफ्तार कर बेऊर जेल भेज दिया। इसमें जनशक्ति जनता दल के संस्थापक सह पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव, भाकपा माले विधायक संदीप सौरभ और चार छात्र नेता भी शामिल हैं। कोतवाली, सचिवालय और गांधी मैदान थानों में 285 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं पूछताछ के बाद 87 लोगों थाने से छोड़ दिया गया। इनमें राजद विधायक डॉ. गौतम कृष्ण और कई छात्र नेता हैं। पुलिस ने नामजद के अलावा पांच हजार अज्ञात पर कुल 23 प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने 22 से 25 जुलाई के बीच शहर में हुए उपद्रव और पुलिस पर हमले के आरोप में कोतवाली थाना क्षेत्र से 48, गांधी मैदान थाना क्षेत्र से 138 और सचिवालय थाना क्षेत्र से 12 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। तेजप्रताप को शनिवार की रात गिरफ्तार किया गया था। उन्हें बेऊर जेल में रखा गया है। उनपर तीन केस दर्ज किए गए हैं। डीएसपी विधि व्यवस्था-1 कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि जिन लोगों ने उपद्रव, तोड़फोड़ और पुलिस पर हमला किया था, उन्हें गिरफ्तारी के बाद जेल भेज दिया गया है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsजेल की रोटी नहीं खा रहे थे तेजप्रताप, खूब हुआ मान-मनौव्वल; अस्पताल में हैं भर्ती