39वें बर्थडे पर तेज प्रताप ने पिता लालू के साथ काटा केक, भाई तेजस्वी के बारे में कही बड़ी बात

Sudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

बेटे के जन्मदिन पर पिता लालू प्रसाद यादव तेज प्रताप के आवास पर पहुंचे। बेटे ने पिता के साथ मिलकर केक काटा और पहला केक अपने पिता को ही खिलाया।

39वें बर्थडे पर तेज प्रताप ने पिता लालू के साथ काटा केक, भाई तेजस्वी के बारे में कही बड़ी बात

Tej Pratap Yadav Birthday: बिहार की राजनीति के चर्चित चेहरा तेज प्रताप यादव 39 साल के हो गए। उनके जन्मदिन पर पिता लालू प्रसाद यादव उनके आवास पर पहुंचे। बेटे ने पिता के साथ मिलकर केक काटा और पहला केक अपने पिता को ही खिलाया। तेज प्रताप यादव ने मीडिया के सवालों पर अपने छोटे भाई और नेते प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बारे में बड़ी बात कही।

गुरुवार की रात तेज प्रताप यादव के हार्डिंग रोड स्थित आवास पर बर्थडे पार्टी का आयोजन किया गया। 16 अप्रैल को 1988 को जन्मे तेज प्रताप यादव 39 साल के हो गए। उनके समर्थकों और जनशक्ति जनता दल के कार्यकर्ताओं ने पूरा आयोजन संभाल रखा था। पार्टी में उस समय रौनक आ गई जब तेज प्रताप के पिता और राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव वहां पहुंच गए। व्यवस्था में लगे कार्यकर्ताओं के सहयोग से तेज प्रताप लालू यादव को मंच तक ले गए और दोनों एक साथ सोफा पर बैठे। पिता की मौजूदगी में बेटे केक काटा और पहला केक पिता को ही खिलाया। यह दृष्य देख कर लोग तालियां बजाने लगे। लालू यादव ने अपने हाथ से बेटे को केक खिलाया।

लालू यादव अपने बेटे को पार्टी और परिवार से निकाल चुके हैं। अनुष्का यादव के साथ फोटो वायरल होने के बाद तेज प्रताप को काफी बुरा दिन देखना पड़ा। लेकिन मां के रूप में राबड़ी देवी और पिता के रूप में लालू प्रसाद यादव का साथ उन्हें मिलता रहा। दोनों के बीच अक्सर मुलाकात होती रहती है। मां राबड़ी देवी भी उनसे टच में रहती हैं। 1 जनवरी को मां के जन्मदिन पर तेज प्रताप यादव राबड़ी आवास पहुंच गए जब तेजस्वी विदेश यात्रा पर थे। तेज प्रताप केक भी साथ ले गए थे और मां ने उनके साथ बैठकर केक काटा था।

चूड़ा दही भोज में आए थे लालू

इससे पहले लालू प्रसाद यादव मकर संक्रांति के अवसर पर तेज प्रताप के घर प चूड़ा दही भोज में आए थे। काफी देर बैठे पर स्वास्थ्य कारणों से खाना नहीं खाया। तेज प्रताप यादव ने घर जाकर माता, पिता और भाई तेजस्वी यादव को न्योता दिया था। लालू तो पहुंच गए लेकिन तेजस्वी का इंतजार रात आठ बजे तक होता रहा। वे नहीं पहुंचे। जन्मदिन पर भी तेजस्वी नहीं आए जबकि तेजस्वी की बेटी और बेटे के जन्मदिन पर तेज प्रताप राबड़ी आवास पर ना सिर्फ पहुंचे बल्कि बच्चों के साथ समय बिताने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया।

पार्टी के बाद तेज प्रताप यादव ने मीडिया कर्मियों से बात की और पिता से जन्मदिन का आशीर्वाद मिलने पर प्रसन्नता जाहिर की। तेजस्वी यादव पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में तेज प्रताप यादव ने कहा कि तेजस्वी जी कहते हैं उनकी पार्टी से निकलकर नेता बनते हैं और खुद 25 सीटों पर सिमट गए।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।