
तेज प्रताप ने तेजस्वी को RJD के विलय का ऑफर दिया, कहा- JJD ही लालू की असली पार्टी
तेज प्रताप यादव ने जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) को लालू यादव की असली पार्टी बताया और अपने भाई तेजस्वी को राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) का जेजेडी में विलय का ऑफर दे दिया।
जनशक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को उनकी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के विलय का ऑफर दे दिया है। मकर संक्रांति के अवसर पर पटना स्थित आवास में आयोजित दही-चूड़ा भोज में उन्होंने आरजेडी का नाम लिए बिना उसे जयचंदों की पार्टी बताया। साथ ही कहा कि लालू प्रसाद यादव की असली पार्टी जेजेडी है। तेज प्रताप के इस बयान के बाद बिहार का सियासी पारा गर्मा गया है।
पटना में बुधवार को तेज प्रताप के आवास पर उनके पिता एवं आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पहुंचे और दही-चूड़ा कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने अपने बड़े बेटे को आशीर्वाद दिया और कहा कि तेज प्रताप से उनकी कोई नाराजगी नहीं है। तेज प्रताप ने दही-चूड़ा भोज का न्योता अपने छोटे भाई को भी दिया था। हालांकि, खबर लिखे जाने तक तेजस्वी उनके यहां नहीं पहुंचे।
इस पर तेज प्रताप ने चुटकी लेते हुए कहा कि तेजस्वी देर से सोकर उठते हैं। उन्हें जयचंदों ने घेर रखा होगा। वह रात 9 बजे तक उनका इंतजार करेंगे। जब पत्रकारों ने उनसे तेजस्वी से मनमुटाव के बारे में पूछा तो तेज प्रताप ने कहा, “उनसे जाकर पूछिए, आने का मन है या नहीं। हमने तो न्योता दिया है। पिताजी (लालू) आए हैं, उससे बड़ा क्या हो सकता है। माता-पिता सबका आशीर्वाद है।”
लालू परिवार की कलह सामने आई - भाजपा
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रवक्ता नीरज कुमार ने अपने बयान में दावा किया कि तेज प्रताप यादव के दही-चूड़ा भोज से लालू परिवार की आंतरिक कलह उजागर हो गई। उन्होंने कहा, "तेज प्रताप ने तेजस्वी को आइना दिखाया और कहा कि लालू की असली पार्टी यही है। यह कहकर उन्होंने अपने छोटे भाई को राजनीतिक औकात दिखा दी। तेजस्वी के नहीं आने पर तेज प्रताप ने कहा कि वह देर से उठते हैं। कहीं आरजेडी की बिहार में हार का कारण यह तो नहीं कि उनके नेता देर से उठते हैं।"
बता दें कि तेज प्रताप की अनुष्का यादव से रिलेशन की बात सार्वजनिक होने के बाद पिछले साल लालू ने उन्हें आरजेडी और परिवार से बेदखल कर दिया था। इसके बाद तेज प्रताप ने जेजेडी बनाई और बिहार चुनाव लड़ा। हालांकि, उनकी पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पाई।
अब वह अपनी पार्टी को संगठनात्मक रूप से मजबूत और उसका विस्तार करने में जुटे हैं। दही-चूड़ा भोज इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। तेज प्रताप के घर मकर संक्रांति के कार्यक्रम में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, लालू यादव, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, रालोजपा प्रमुख पशुपति पारस, नीतीश सरकार में मंत्री विजय चौधरी, अशोक चौधरी समेत कई नेता पहुंचे।

लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।
और पढ़ें



