तेज प्रताप जेल से छूटते ही तेजस्वी यादव से मिले, छोटे भाई ने बड़े के लिए आंदोलन की चेतावनी दी थी

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

जेजेडी अध्यक्ष तेज प्रताप यादव जेल से छूटने के बाद सीधे अपनी मां राबड़ी देवी से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। वहां उनकी मुलाकात छोटे भाई तेजस्वी यादव से भी हुई। दोनों भाइयों के बीच दो महीने बाद फेस-टू-फेस मुलाकात हुई है। 

tej pratap meets tejashwi yadav after released from jail
जेल से छूटते ही छोटे भाई तेजस्वी यादव से मिले तेज प्रताप यादव (फाइल फोटो)

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप मंगलवार शाम को जेल से छूटने के बाद अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव से मिले। दोनों भाइयों के बीच यह मुलाकात पटना के कौटिल्य नगर स्थित लालू परिवार के निजी आवास में हुई। जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को छात्र आंदोलन से जुड़े केस में 25 जुलाई को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद उनके छोटे भाई एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार को निशाने पर लेकर आंदोलन की चेतावनी दे दी थी।

तेज प्रताप यादव मंगलवार शाम को पटना के बेऊर जेल से बाहर आए। जेल के बाहर समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वह कार में सवार होकर सीधे कौटिल्य नगर स्थित अपनी मां राबड़ी देवी के आवास पर पहुंचे। वहां पर तेजस्वी भी पहले से मौजूद थे। तेज प्रताप ने अपनी मां का आशीर्वाद लिया और भाई तेजस्वी से भी मुलाकात की। बताया जा रहा है कि तेजस्वी भी अपनी मां से मिलने वहां गए थे।

बता दें कि 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के बाद लगभग एक महीने से राबड़ी देवी कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी बंगले में रह रही हैं। लालू परिवार अभी तक अपने नए सरकारी आवास (39 हार्डिंग रोड) में शिफ्ट नहीं हुआ है।

लालू के दोनों बेटों में घर रही दूरियां?

हालिया सियासी घटनाक्रम के बाद यह चर्चा उठने लगी है कि क्या आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटों के बीच दूरियां घट रही हैं? तेज प्रताप यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया तो उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव आगबबूला हो गए और सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार को आंख दिखाने लगे। उन्होंने रविवार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनके बड़े भाई को नहीं छोड़ा गया, तो वह बड़ा आंदोलन करेंगे।

वहीं, जेल से छूटते ही तेज प्रताप सीधे अपनी मां राबड़ी देवी से मिलने पहुंच गए और वहां पर भाई से भी मुलाकात हो गई। दोनों भाइयों के बीच क्या बातचीत हुई इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।

बता दें कि पिछले साल अनुष्का यादव के साथ कथित रिलेशन का पोस्ट सामने आने के बाद लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को अपने परिवार और आरजेडी से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद तेज प्रताप ने जनशक्ति जनता दल नाम से नई पार्टी बना दी थी। तेज प्रताप ने बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी के खिलाफ कुछ सीटों पर उम्मीदवार दिए थे, लेकिन जेजेडी एक भी सीट पर जीत नहीं दर्ज कर पाई थी।

परिवार और पार्टी से निकाले जाने के बाद तेज प्रताप की अपने छोटे भाई से भी अदावत हो गई थी। उन्होंने तेजस्वी के करीबी नेताओं पर साजिश करने का आरोप लगाते हुए उन्हें जयचंद करार तक दे दिया था।

दो महीने बाद आमने-सामने हुए दोनों भाई

लालू के दोनों बेटों के बीच फेस-टू-फेस मुलाकात लगभग दो महीने बाद हुई है। बीते 27 मई को गाजियाबाद में तेजस्वी यादव के बेटे इराज यादव का पहला जन्मदिन मनाया गया था। इस दौरान लालू परिवार के अधिकतर सदस्य जुटे थे। उस पार्टी में तेज प्रताप भी अपने भतीजे को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। इसके बाद तेज प्रताप और तेजस्वी की आमने-सामने मुलाकात मंगलवार को राबड़ी देवी के आवास पर हुई।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsतेज प्रताप जेल से छूटते ही तेजस्वी से मिले, छोटे भाई ने दी थी आंदोलन की चेतावनी