कक्षा 2 की छात्रा से छेड़खानी करने वाला शिक्षक गिरफ्तार, लोगों ने स्कूल में ही जमकर पिटाई कर दी
छपरा के मांझी में एक कन्या मध्य विध्यालय में पढ़ने वाली दूसरी की छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है। छात्रा से अश्लील हरकत करने के आरोप में स्कूल के शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। बीईओ की जांच में मामला सही पाया गया है। लोगों ने टीचर की जमकर पिटाई भी कर दी।

बिहार के सारण (छपरा) जिले के मांझी प्रखंड स्थित एक सरकारी स्कूल की छात्रा से छेड़खानी के आरोप में शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। वाकया उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय, महम्मदपुर का है। आरोप है कि स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक मनोज कुमार ने कक्षा 2 की मासूम छात्रा से अश्लील हरकत करते हुए छेड़खानी की। इस मामले को लेकर स्कूल में जमकर हंगामा भी हुआ। ग्रामीणों ने मंगलवार को शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी।
पीड़ित छात्रा के चाचा की ओर से मांझी थाने में शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दी गई। इसके बाद थानाध्यक्ष विनोद कुमार पुलिस बल के साथ स्कूल पहुंचे। उन्होंने शिक्षक मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को स्कूल परिसर में बहुत देर तक भारी हंगामे की स्थिति रही।
बीईओ ने की जांच, आरोप सही
मामले की शिकायत मिलने पर मांझी की प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) विभा कुमारी भी स्कूल पहुंचीं। उन्होंने मामले की जांच-पड़ताल की। बीईओ विभा कुमारी ने बताया कि जांच के दौरान शिक्षक पर लगाए गए आरोप सही पाए गए हैं।
गांव का ही रहने वाला है टीचर
बताया जाता है कि आरोपी शिक्षक उसी गांव के रहने वाले हैं और साल 2005 में शिक्षा मित्र के रूप में उस विद्यालय में बहाल हुए थे। इस मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने भी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर शिकायत की है।
पुलिस कर रही जांच
इधर, घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने छात्रा के चाचा के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


