दरभंगा में सरेआम चेन स्नेचिंग, बदमाशों को पकड़ने गए चाय दुकानदार की गोली मारकर हत्या
दरभंगा शहर में बुधवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक की चेन खींच ली। अपराधियों को पकड़ने गए एक चाय दुकानदार पर आरोपियों ने फायरिंंग कर दी। गोली लगने से दुकानदार की मौत हो गई।

Darbhanga News: बिहार के दरभंगा शहर में बुधवार सुबह चेन स्नेचर को पकड़ने गए एक चाय दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित रामबाग गेट पर हुई। बताया जा रहा है कि एक शख्स सुबह सड़क से पैदल जा रहा था। तभी बाइक सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और उसकी चेन खींचकर भागने लगे। बीच-बचाव करने आए चाय दुकानदार को अपराधियों ने सीने में गोली मार दी।
गोली लगने से दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान हुसैन चौक निवासी रामचंद्र राम के बेटे श्रवण कुमार के रूप में हुई है। श्रवण राज परिसर में चाय की दुकान चलाता था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह रामबाग गेट निवासी सोनू सिंह पैदल सड़क से गुजर रहे थे। तभी दोनों अपराधी आए और उनकी चेन खींचने लगे। इसी दौरान अपराधियों और सोनू के बीच उठापटक होने लगी। बगल में मौजूद चाय दुकानदार श्रवण ने अपराधियों को पकड़ना चाहा। इसी दौरान एक बदमाश ने श्रवण के सीने में गोली मार दी और भाग गए।
दोनों अपराधी कैदराबाद की ओर बाइक से भाग निकले। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि घटना बुधवार सुबह करीब 8 बजे की है। आरोपी हसनचक की ओर से बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने स्थानीय निवासी के गले में झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली। हालांकि, चेन का आधा हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर गया। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उसे उठाने की कोशिश की, तभी पीड़ित ने उसे पकड़ लिया और शोर मचाने लगे।
वहां पर मौजूद चाय दुकानदार श्रवण भी मदद को दौड़े और बदमाशों को दबोचने की कोशिश की। इसी बीच बाइक चला रहे अपराधी ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली श्रवण को लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
पिछले महीने ज्वेलरी शॉप में हुई थी लूट
दरभंगा शहर में बदमाशों में हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। लुटेरे सरेआम वारदात को अंजाम देने से भी नहीं कतरा रहे हैं। डेढ़ महीने के भीतर यह दूसरी घटना है। बीते 3 अप्रैल को शहर के बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स दुकान पर दिनदहाड़े हथियारबंद लुटेरों ने धावा बोल दिया था। 2 करोड़ से ज्यादा गहने और कैश लूटने के बाद बदमाश भाग निकले थे।
(दरभंगा से हिन्दुस्तान संवाददाता और एजेंसी इनपुट के साथ)
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


