बिहार में एनडीए की आंधी को नहीं भांप पाए सर्वे, अमित शाह ने भी किया था 160 सीटों का ही दावा

बिहार में एनडीए की आंधी को नहीं भांप पाए सर्वे, अमित शाह ने भी किया था 160 सीटों का ही दावा

संक्षेप:

बिहार में भाजपा, जदयू समेत अन्य सत्ताधारी दलों के गठबंधन एनडीए ने विधानसभा चुनाव में 243 में से 202 सीटें जीतकर सबको छका दिया है। तमाम सर्वे, सियासी पंडितों ने एनडीए की वापसी के अनुमान तो लगाए, लेकिन नीतीश सरकार के पक्ष में इतनी तेज आंधी को नहीं भांप पाए।

Nov 15, 2025 06:52 am ISTJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, आशीष कुमार मिश्र, पटना
share

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान यह नहीं लगा कि एनडीए के पक्ष में इतनी बड़ी लहर है। दो चरणों में हुए चुनाव और महज 40 दिन की पूरी प्रक्रिया के दौरान अंदरखाने लहर को भांपने में सियासी पंडित भी पिछड़ गए। यहां तक कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) चाणक्य तथा गृहमंत्री अमित शाह भी नीतीश सरकार के पक्ष में चल रही इस आंधी को भांप नहीं पाए। उन्होंने बिहार में एनडीए को 160 सीटों के साथ बहुमत का दावा किया था, जबकि असल नतीजों में आंकड़ा 200 पार रहा। बिहार के पत्रकारों को भी एनडीए के इतनी बड़ी जीत का अनुमान नहीं था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

देशभर की तकरीबन डेढ़ दर्जन एजेंसियों ने 11 नवंबर को दूसरे चरण के मतदान के समाप्त होने के बाद एग्जिट पोल के अपने-अपने आंकड़े सार्वजनिक किए। एक को छोड़कर शेष एजेंसियों ने एनडीए सरकार की वापसी का दावा तो किया, लेकिन सीटें औसतन 133 से 150 तक ही दी थी। एक एजेंसी ने तो महागठबंधन की ही सरकार बनाने का अनुमान लगाया था, जबकि एक अन्य में दोनों गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर की बात कही गई थी।

read moreये भी पढ़ें:
Bihar Result Ramgarh Seat: एनडीए की आंधी के बीच बसपा के लिए खुशखबरी

बहरहाल, बिहार की जनता ने अपने फैसले से सबको छका दिया। यहां तक कि एनडीए के बड़े घटक दल भाजपा और जदयू को भी अनुमान नहीं था कि उन्हें क्रमश: 90 और 80 फीसदी से अधिक के स्ट्राइक रेट से सफलता मिलने जा रही है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए के अन्य घटक दल लोजपा आर, हम और रालोमो ने भी क्रमश: 65, 83, 66 फीसदी सफलता पाई है।

दरअसल, मौजूदा राज्य सरकार के कामकाज को जनता किस कदर पसंद कर रही है, इसका सटीक अनुमान विपक्ष भी नहीं लगा सका। नीतीश सरकार के 20 साल के काम पर बिहार की अधिसंख्य जनता ने एक बार फिर से मुहर लगाई है और एनडीए गठबंधन को बिहार में अगले 5 साल तक सरकार चलाने का भारी मत दिया है।

एनडीए गठबंधन ने चुनाव घोषणा के करीब चार माह पूर्व ही जमीनी तैयारी शुरू कर दी थी। राज्य के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में इस गठबंधन ने जोर-शोर से कार्यकर्ता सम्मेलन किया था। एनडीए के पांच दल जदयू, भाजपा, रालोजपा, हम और रालोमो ने पांच पांडव की तरह जमीनी स्तर पर संगठक को एकजुट करने को शीर्ष प्राथमिकता दी थी। उसके बाद इस गठबंधन का जिला और प्रमंडल स्तर पर सफलतापूर्वक सम्मेलन हुआ। चुनावी सभाओं में भी यह एकजुटता दिखी।

read moreये भी पढ़ें:
तेज प्रताप तीसरे नंबर पर, तेजस्वी की RJD को भी थर्ड रैंक; लालू पर फिर भारी नीतीश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत सभी घटक दलों के शीर्ष नेता मौजूद रहे। इसके बाद बड़े नेताओं पीएम, सीएम, गृह मंत्री की अलग-अलग सभाएं होती रहीं और सभी में पांचों दल के कोई ने कोई प्रमुख नेता को शामिल किया गया। नीतीश और मोदी ने जहां भी रैलियां कीं, उस जिले के सभी एनडीए प्रत्याशी मंच पर मौजूद रहे। उन्होंने जनता से सबको जीत देने की अपील की।

एनडीए की यह अप्रत्याशित जीत पांच दलों के एकजुटता के प्रतिफल के रूप में सामने आया है, जिसपर जनता ने अपनी मुहर लगाई है। वहीं, ‘इंडिया’ अलायंस यानी महागठबंधन आरंभ से ही बिखरा-बिखरा दिखा। और अंतत: उसे मुंह की खानी पड़ी।

रिपोर्ट- आशीष कुमार मिश्र

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat
राजनीतिक, सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन और अपराध जैसे विषयों पर लिखना पसंद है। मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं, अभी बिहार कवर कर रहे हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे-2-न्यूज, टाइम्स ऑफ इंडिया जैसे संस्थानों में काम कर चुके हैं। समाचार के अलावा साहित्य पठन-लेखन में भी रुचि है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Shapath Grahan, Bihar Election Result 2025, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।