हाथ उठाकर सरेंडर करो, नहीं तो गोली मार देंगे.., पटना में दिनदहाड़े कैशवैन से लूट का प्रयास; अफरातफरी मची

हिन्दुस्तान, प्रधान संवाददाता, पटना
Follow us on Google News
share

पूछताछ में पुनासी ने पुलिस को बताया कि फरार दो बदमाशों ने खिला-पिला कर उसे पैसा लूटने के लिए यहां लाया था। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ बजे एचडीएफसी बैंक के पास कैशवैन खड़ी थी। इसी दौरान दो बदमाश ऑटो से और एक बाइक से वहां पहुंचे।

patna loot

बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की है। पटना के कदमकुआं इलाके में दिनदहाड़े कैशवैन से पैसे लूटने की कोशिश हुई है। कदमकुआं थाना क्षेत्र के वैशाली गोलंबर के पास स्थित एचडीएफसी बैंक के समीप सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अपराधियों ने कैशवैन से रुपये लूटने का प्रयास किया। हालांकि कैशवैन के गार्ड की सतर्कता और आसपास मौजूद लोगों की बहादुरी से लूट की वारदात विफल हो गई। मौके पर ही लोगों ने एक बदमाश को लोडेड पिस्टल के साथ पकड़ लिया। यहां बता दें कि कदमकुआं का यह इलाका आम तौर पर भीड़भाड़ वाला इलाका माना जाता है।

इधर इस कांड की सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई और लोगों द्वारा पकड़े गए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाश पुनासी पासवान नौबतपुर का रहने वाला है। पूछताछ में पुनासी ने पुलिस को बताया कि फरार दो बदमाशों ने खिला-पिला कर उसे पैसा लूटने के लिए यहां लाया था। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ बजे एचडीएफसी बैंक के पास कैशवैन खड़ी थी। इसी दौरान दो बदमाश ऑटो से और एक बाइक से वहां पहुंचे। ऑटो सवार एक बदमाश के पास लोडेड पिस्टल थी। कैशवैन से जैसे ही कर्मी रुपये से भरा बॉक्स लेकर बैंक के एटीएम की ओर बढ़ा, एक बदमाश ने बॉक्स छीनने का प्रयास किया। तभी गार्ड ने बंदूक तानते हुए कहा कि हाथ उठाकर सरेंडर करो, नहीं तो गोली मार देंगे। गार्ड की चेतावनी से बदमाश घबरा गया। इसी बीच वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया।

वैशाली गोलंबर के पास पुलिस पेट्रोलिंग भी चल रही थी। सूचना मिलते ही जवान मौके पर पहुंच गए। एक महिला दारोगा ने बदमाश की कमर से लोडेड पिस्टल बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बदमाश ने पुलिस को बताया कि गर्मी के कारण दोपहर में सड़कें सुनसान रहती हैं। इसी का फायदा उठाकर लूट की साजिश रची गई थी। उसने बताया कि वह और उसका एक साथी ऑटो से घटनास्थल पर पहुंचे थे, जबकि एक अन्य बदमाश बाइक से पहले से रेकी कर रहा था। लुटेरे की निशानदेही पर पुलिस कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। घटना के बाद शहर के कई इलाकों में वाहन जांच अभियान भी चलाया गया।

गोपालपुर में भी कैशवैन से 27 लाख की हुई थी लूट

गोपालपुर थाना क्षेत्र के मरचा-मर्ची रोड में 13 मई को अपराधियों ने एक कैशवैन से 27 लाख रुपये लूट लिए थे। बदमाशों ने लूट के दौरान गार्ड और चालक को पिस्तौल की बट से मारकर घायल भी कर दिया था। घटना को अंजाम देने के लिए दो बाइक पर पांच बदमाश पहुंचे थे। इस मामले में पुलिस चार बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है और लूट के पांच लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं। हालांकि एक बदमाश अब भी फरार है और शेष 22 लाख बरामद नहीं हो सके हैं। 19 मई को बदमाशों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई थी। इसमें बदमाश नीतिश कुमार के पैर में गोली लगी थी, जबकि सूरज, अरविंद और रवि को गिरफ्तार कर लिया गया था।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।