सुपौल : तीन महीने में ही जवाब देने लगे वाटर एटीएम, लोगों में आक्रोश

Apr 06, 2026 11:06 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share

वीरपुर नगर पंचायत ने गर्मी के दौरान 10 वाटर एटीएम लगाने के लिए 7 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन तीन महीने में ही कई एटीएम खराब हो गए हैं। विशेष रूप से अनुमंडलीय अस्पताल के बाहर लगे एटीएम बंद हैं, जिससे मरीजों और आम लोगों को परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से सही जांच की मांग की है।

सुपौल : तीन महीने में ही जवाब देने लगे वाटर एटीएम, लोगों में आक्रोश

वीरपुर, एक संवाददाता। नगर पंचायत वीरपुर द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए शहर के प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करीब 7 लाख रुपये की लागत से 10 वाटर एटीएम लगाए गए थे। लेकिन हैरानी की बात यह है कि स्थापना के तीन महीने भी पूरे नहीं हुए और कई वाटर एटीएम खराब होने लगे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल के मुख्य गेट पर लगे वाटर एटीएम के खराब होने से हो रही है। यह मशीन अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और राहगीरों के लिए राहत का जरिया थी, लेकिन पिछले कई दिनों से बंद पड़ी है।

इसके कारण लोगों को मजबूरन बोतलबंद पानी खरीदकर प्यास बुझानी पड़ रही है। स्थानीय निवासी जय कृष्ण शर्मा, पवन शर्मा, गुरु दयाल शर्मा और उपेंद्र शर्मा ने बताया कि वाटर एटीएम कई दिनों से खराब है। बीच में एक बार मेकेनिक आया भी, लेकिन थोड़ी देर चलने के बाद मशीन फिर बंद हो गई। उन्होंने कहा कि पानी के लिए अब लोगों को दूर-दूर तक जाना पड़ रहा है, जिससे खासकर मरीजों और बुजुर्गों को काफी दिक्कत हो रही है। वहीं वार्ड नंबर 2 के निवासी मो. इस्लाम ने नगर पंचायत की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकांश योजनाओं का यही हाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमीशनखोरी के कारण योजनाओं की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जाता, जिसके चलते नई-नई सुविधाएं भी जल्दी दम तोड़ देती हैं। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरा और स्ट्रीट लाइट जैसी योजनाएं भी बदहाल स्थिति में हैं। कई कैमरे बंद पड़े हैं और कई स्ट्रीट लाइट लगाने के बाद से ही नहीं जलीं। इस बाबत नगर पंचायत चेयरमैन सुशील कुमार साह ने कहा कि उन्हें इस समस्या की जानकारी पहले नहीं थी। अब जानकारी मिली है, जल्द ही मैकेनिक भेजकर खराब वाटर एटीएम को दुरुस्त कराया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी वाटर एटीएम की नियमित जांच कराई जाए और गर्मी के मौसम में पेयजल व्यवस्था को सुचारु रखा जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।