Hindi NewsBihar NewsSupaul NewsVote Counting Begins in Supaul 48 Candidates Fate at Stake
सुपौल : बीएसएस कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र में सुबह आठ बजे से शुरू होगी मतगणना

सुपौल : बीएसएस कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र में सुबह आठ बजे से शुरू होगी मतगणना

संक्षेप:

सुपौल जिले की सभी पांच विधानसभा सीटों के लिए 48 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज होगा। मतगणना सुबह 8 बजे से बीएसएस कॉलेज में शुरू होगी, जहां प्रशासन ने सुरक्षा के लिए निषेधाज्ञा लागू की है। सभी राजनीतिक दलों और व्यक्तियों को नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

Nov 13, 2025 11:07 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share Share
Follow Us on

सुपौल, वरीय संवाददाता। जिले की सभी पांचों विधानसभा से चुनावी मैदान में खड़े 48 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज हो जाएगा। सुबह आठ बजे से जिला मुख्यालय स्थित बीएसएस कॉलेज मैदान में मतगणना केंद्र पर शुक्रवार को विभिन्न प्रत्याशियों को मिले मत की गिनती की जाएगी। इसको लेकर प्रशासनिक स्तर पर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला दण्डाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी सावन कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए बीएसएस कॉलेज के चारों ओर 500 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह आदेश मतगणना प्रक्रिया समाप्त होने तक या अधिकतम 60 दिनों तक (जो भी पहले हो) प्रभावी रहेगा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसके तहत मतगणना स्थल बीएसएस कॉलेज के 500 मीटर की परिधि में पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रतिबंधित क्षेत्र के अंदर कोई भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा टेंट या शामियाना लगाये जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। जबकि सरकारी वाहन एवं अनुमति प्राप्त वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। इस दौरान कोई भी व्यक्ति आग्नेयास्त्र, लाठी, भाला, गंडासा, तीर-धनुष अथवा किसी भी प्रकार के घातक हथियार लेकर नहीं चल सकेगा। वहीं, यह आदेश कानून-व्यवस्था/निर्वाचन कर्त्तव्य पर तैनात पदाधिकारियों व पुलिस कर्मियों एवं परम्परागत रूप से शस्त्र धारण करने वाले समुदायों पर लागू नहीं होगा। जिला दंडाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि यह आदेश शस्त्र लाइसेंसधारियों द्वारा शस्त्र निरीक्षण के लिए ले जाने पर भी शिथिल रहेगा। किसी भी राजनीतिक दल, व्यक्ति या संगठन द्वारा आदर्श आचार संहिता के दिशा-निर्देशों के विपरीत कोई कार्य नहीं किया जाएगा। वहीं उन्होंने आमजनों से निषेधाज्ञा का पूर्ण पालन करने एवं शांतिपूर्ण, स्वच्छ तथा भयमुक्त वातावरण में मतगणना प्रक्रिया को सम्पन्न कराने में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि मतगणना की प्रक्रिया को सहजता के साथ पूरा कराए जाने को लेकर तथा मतगणना स्थल के चारों ओर स्थित स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूल शुक्रवार को बंद रहेंगे। डीएम ने कहा है कि सोशल मीडिया समेत अन्य किसी भी प्लेटफॉर्म पर भ्रामक गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं उन्होंने आदेश जारी किया है कि मतगणना स्थल से पांच सौ मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इस बाबत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि जिले की सभी पांच निर्मली, पिपरा, सुपौल, त्रिवेणीगंज और छातापुर विधासभा की मतगणना अलग-अलग 14-14 टेबल की जाएगी। इसी में से एक टेबल वीवीपैट पर्ची वितरण के लिए तय किया गया है।