सुपौल : दिन में कुश्ती के दांव-पेच, सुरों की बारिश से भीगी शाम

सुपौल : दिन में कुश्ती के दांव-पेच, सुरों की बारिश से भीगी शाम

संक्षेप:

सुपौल के हरदी स्थित वन देवी दुर्गा मंदिर परिसर में वीर लोरिक महोत्सव का दूसरा दिन अंतरराज्यीय पहलवानों और लोक कलाकारों के नाम रहा। कुश्ती प्रतियोगिता में दर्शकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न राज्यों के पहलवानों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा दिखाई, जबकि लोक कलाकारों ने शाम को रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

Dec 11, 2025 01:13 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share

सुपौल, वरीय संवाददाता। सदर प्रखंड अंतर्गत हरदी स्थित वन देवी दुर्गा मंदिर परिसर में वीर लोरिक महोत्सव का दूसरा दिन दोपहर में अंतरराज्यीय पहलवानों के नाम तो शाम लोक कलाकारों के नाम रहा। इस दौरान दर्शकों ने कुश्ती प्रतियोगिता का भरपूर लुत्फ उठाया। वहीं शाम में क्षेत्रीय समेत देश स्तर पर ख्यातिप्राप्त लोक कलाकारों ने आयोजन में समा बांध दिया। इससे पूर्व दोपहर में एडीएम सच्चिदानंद सुमन, एसडीएम इंद्रवीर कुमार, एसडीपीओ गौरव गुप्ता व ओएसडी कुमार विकास कर्ण तथा प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार ने कुश्ती प्रतियोगिता की शुरुआत पहलवानों से हाथ मिलाकर की। इसके बाद कुश्ती के अखाड़े में उतरकर एक से बढ़कर एक पहलवानों ने लोगों को कुश्ती के दांव-पेच दिखाकर खूब आनंद दिलाया, जबकि मौजूद दर्शकों ने भी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ पहलवानों की खूब हौसला अफजाई की।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इस दौरान राष्ट्रीय स्तर के पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेंच से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पहला मुकाबला उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के आकाश और बागी बलिया के वीरेंद्र के बीच हुआ। यह मुकाबला दोनों के बीच कड़ी टक्कर के बाद भी ड्रॉ ही रहा। दूसरे मुकाबले में बिहार के बक्सर निवासी पहलवान बाबा प्रिंस दास ने उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी पहलवान कल्लू को महज तीसरे मिनट में ही पटखनी देकर जीत दर्ज कर ली। तीसरा मुकाबला उत्तर प्रदेश के बनारस के मोहन और कानपुर के अजय के बीच खेला गया, जो बराबरी पर समाप्त हुआ। वहीं चौथे मुकाबले में पंजाब के पहलवान अंशु और गोरखपुर के चंद्रशेखर ने एक-दूसरे के साथ दो-दो हाथ किया। आखिरी मिनट तक चले रोमांचक संघर्ष में पंजाब के अंशु ने चंद्रशेखर को पछाड़कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। ज्यों-ज्यों दोपहर ढलती गई त्यों-त्यों प्रतियोगिता में पहलवानों ने खूब पसीना बहाया। पांचवें मुकाबले में बिहार के प्रद्युम्न और कानपुर के अजय के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। दर्शकों की भारी तालियों के बीच बिहार के प्रद्युम्न ने कानपुर के अजय को पटखनी देकर जीत हासिल कर ली। जबकि छठे मुकाबले में राजस्थान निवासी विनोद पहलवान ने गाजीपुर निवासी आकाश को धूल चटाते हुए जीत दर्ज कर ली। वहीं सातवां मुकाबला इटारसी के हीरा और दिल्ली के अंकित के बीच हुआ। दोनों के बीच संघर्ष बराबरी का रहा और मुकाबला ड्रॉ हो गया। आठवें मुकाबले में कानपुर के सन्नी और बिहार के बाबा प्रिंस दास ने एक बार फिर से लोगों को रोमांचित किया। इस निर्णायक मुकाबले में बाबा प्रिंस दास ने कानपुर के सन्नी को पटखनी देकर जीत हासिल कर ली। कार्यक्रम के दौरान पूरे अखाड़े में तालियों की गड़गड़ाहट और जयकारे गूंजते रहे। महोत्सव के इस कुश्ती सत्र ने न केवल खेल प्रेमियों को रोमांचित किया, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहन देने का कार्य किया। मौके पर जयशंकर कामत, प्रो. चंद्रप्रकाश, देवेंद्र यादव, सज्जन मुखिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।