
सुपौल : वीणा-पुस्तक रंजित हस्ते, भगवती भारती देवी नमस्ते
सुपौल में वसंत पंचमी का त्योहार शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। शहर में मां सरस्वती की पूजा की गई, जिसमें छात्रों और युवाओं ने उत्साह से भाग लिया। विभिन्न स्थलों पर पूजा आयोजित की गई और श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में गुलाल अर्पित किया। बाजार में फल और मिठाई की खरीदारी में भी तेजी देखी गई।
सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। वसंत पंचमी का त्योहार जिले में शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर में जगह-जगह मां सरस्वती की पूजा हुई। शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों एवं मोहल्लों में छात्रों और युवाओं ने उत्साह के साथ इसमें भाग लिया। छात्रावासों, निजी स्कूलों, कोचिंग संस्थानों में मां शारदे की प्रतिमा स्थापित कर धूमधाम से पूजा हुई। पुराजी ने विधिवत पूजा कराई। मां शारदे को पुआ, खीर, लड्डू एवं विभिन्न फलों के भोग लगाये गये। पंडित मुन्ना झा ने बताया कि मां शारदे की पूजा के बाद लोगों ने माता के चरणों में गुलाल अर्पित कर वसंत पंचमी का उत्सव मनाया।
अधिकांश लोगों ने घरों में भी छोटी प्रतिमा स्थापित कर पूजा की। राधा कृष्ण ठाकुरवाड़ी के पुजारी ने बताया कि वसंत पंचमी को लेकर मंदिर में सुबह से ही जलाभिषेक शुरू हो गया। पूरे दिन श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दोपहर 12 बजे पट बंद हुआ और दोपहर दो बजे के बाद फिर से श्रद्धालुओं का आना शुरू हुआ। यह सिलसिला रात नौ बजे तक चलता रहा। वसंत पंचमी (माघ शुक्ल पंचमी) के मौके पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा अर्चना पूरे श्रद्धा, भक्ति-भाव से की। इस वर्ष सरस्वती पूजा उत्तरा भाद्रपद नक्षत्र और शुभ शिव योग में किया। सुबह 7 बजकर 13 मिनट से 11 बजकी 33 मिनट तक शुभ योग में पूजा कराने की होड़ दिखी। इसलिए पहले से तय पंडित के फोन की घंटियां बजती रही। पंडित भी समय से पूजा कराने के लिए सुबह से ही तैयारी कर रखे थे। उधर, शुक्रवार सुबह तक शहर के स्टेशन चौक, महावीर चौक, स्टेशन रोड, मल्लिक चौक, उत्तरी हटखोला रोड, लोहिया चौक पर साज सज्जा से लेकर मिठाई दुकान और फल दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। हाल यह रहा कि कई दुकानों से अमरूद का स्टॉक खत्म हो गया था। मान्यता है कि इस दिन मां सरस्वती की पूजा करने से मां शारदा से बुद्धि, विद्या और विवेक का आशीर्वाद प्राप्त होता है। सरस्वती मां का भोग लगाने के लिए फलों की खरीदारी में भी तेजी देखी गई। सरस्वती पूजा के मौके पर बाजार में बेर, मक्को, अमरूद की आवक में तेजी बनी हुई है। पूजा को देखते हुए शुक्रवार को एप्पल बेर की कीमत 100 रुपये किलो तक पहुंच गई। इसके अलावा अंगूर 80 रुपये से लेकर 125 रुपये किलो के बीच, मध्यप्रदेश का अमरूद 70 रुपये से लेकर 120 रुपये के बीच, लोकल अमरुद 60 से 80 रुपये के बीच बिका। इधर, जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




