
सुपौल : एनएच-27 पर ट्रक की ठोकर से बुजुर्ग की मौत, बाइक चालक गंभीर
सरायगढ़ के झाझा गांव में एनएच-27 पर मंगलवार सुबह एक दुखद सड़क हादसे में 75 वर्षीय मो. अब्बास की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक मो. जलील गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे हादसा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक को जब्त कर लिया।
सरायगढ़, निज संवाददाता। एनएच-27 पर सरायगढ़ पंचायत के झाझा गांव के समीप मंगलवार सुबह 10:25 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। जानकारी के मुताबिक किशनपुर थाना क्षेत्र के करैहिया गांव वार्ड-11 निवासी 55 वर्षीय मो. जलील बाइक से मधुबनी जिले के फुलपरास गांव जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर सवार 75 वर्षीय मो. अब्बास थे। झाझा गांव के पास सिमराही से निर्मली की ओर तेज रफ्तार से जा रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मो. अब्बास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक मो. जलील गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल मो. जलील को सीएचसी भपटियाही पहुंचाया। वहां डॉ. लक्ष्मीकांत राय ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया। इधर, सूचना मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक मो. अब्बास के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। घटना के बाद एनएच-27 पर एक लेन पर आवागमन ठप हो गया, जिससे छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने शव हटाकर और क्षतिग्रस्त बाइक को किनारे कर यातायात बहाल कराया। थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है। मृतक के परिजनों से आवेदन मिलने के बाद ट्रक चालक व मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




