Supaul News: सुपौल : कोसी बराज पर जल भरने गया युवक तेज धारा में बहा, तलाश जारी
Supaul News: कोसी बराज पर जल भरने गए 28 वर्षीय संजीत कुमार शर्मा रविवार देर रात एक हादसे का शिकार हो गए। पैर फिसलने के बाद वह कोसी नदी में गिर गए और लापता हैं। नेपाल एपीएफ और आपदा प्रबंधन टीम खोज में जुटी हैं। परिवार वाले अभी भी उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।

Supaul News: वीरपुर, एक संवाददाता। तीसरी सोमवारी के अवसर पर कोसी बराज पर जल भरने गए 28 वर्षीय संजीत कुमार शर्मा रविवार देर रात हादसे का शिकार हो गया। बराज के 12 नंबर गेट के नीचे पाया के समीप पैर फिसलने से संजीत कोसी नदी की तेज धारा में गिर गया और बह गया। घटना के बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। नेपाल एपीएफ, गोताखोरों और आपदा प्रबंधन की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। संजीत अररिया जिले के अचरा गांव के वार्ड 7 निवासी अरुण शर्मा का पुत्र था। वह दो भाइयों में छोटा था। करीब तीन वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी और उसकी दो वर्षीय बेटी है। हादसे की सूचना के बाद पत्नी, बेटी, बहन और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, संजीत कुछ दोस्तों के साथ रविवार रात करीब 2:30 बजे कोसी बराज पर जल भरने गया था।
घटना का विवरण
इसी दौरान वह 12 नंबर गेट के नीचे पाया की ओर चला गया। वहां पैर फिसलने से वह तेज बहाव में गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां मौजूद लोगों ने उसे नदी की ओर जाने से मना भी किया था। हादसे के बाद लोगों ने बचाव अभियान की मांग को लेकर बराज कंट्रोल रूम के समीप सड़क जाम कर हंगामा किया। घटना से कुछ देर पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें संजीत पाया की ओर जाता दिखाई दे रहा है। भारदाह स्थित आपदा प्रबंधन सुरक्षा बेस के डीएसपी प्रेमसागर बिष्ट के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन टीम और गोताखोर संजीत की तलाश में जुटे हैं। तेज बहाव के कारण अभियान में कठिनाई आ रही है। परिजन अब भी संजीत के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं。


