Supaul News: सुपौल : राघोपुर में बेरदह धार में नहाते समय सात वर्षीय बच्ची लापता
Supaul News: राघोपुर प्रखंड के डुमरी पंचायत स्थित वार्ड 1 में शुक्रवार दोपहर को एक 7 वर्षीय बच्ची सोनाक्षी कुमारी की नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से लापता होने की दुखद घटना घटी। स्थानीय लोग और पुलिस बच्ची की खोज में जुटे हैं। एनडीआरएफ की टीम भी मदद के लिए भेजी जा रही है।
Supaul News: राघोपुर, एक प्रतिनिधि। राघोपुर प्रखंड क्षेत्र की डुमरी पंचायत स्थित वार्ड 1 में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बेरदह धार में नहाने के दौरान एक 7 वर्षीय बच्ची के लापता होने की दुखद घटना सामने आई है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। वहीं स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर राघोपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच में जुट गई है।
बच्ची की पहचान
स्थानीय लोग भी बच्ची की खोजबीन में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं। लापता बच्ची की पहचान डुमरी वार्ड 1 जागीर निवासी बिन्देश्वरी यादव की पुत्री सोनाक्षी कुमारी (7 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं डुमरी पंचायत के मुखिया गजेंद्र यादव ने बताया कि जितिया पर्व के अवसर पर बच्ची अपनी माता पिंकी देवी के साथ बेरदह धार में नहाने आई थी। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चली गई और लापता हो गई। घटना के बाद से ही स्थानीय लोग बच्ची की खोजबीन में लगे हुए हैं।
पुलिस और प्रशासन का प्रयास
पुलिस और स्थानीय प्रशासन भी बच्ची को ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। इस बाबत राघोपुर अंचलाधिकारी (सीओ) रश्मि प्रिया ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम जिले में उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि एक टीम को निर्मली से मंगाया गया है और वे घटनास्थल पर जा रहे हैं। लापता बच्ची की खोजबीन में स्थानीय लोग और विभागीय टीमें एक वाहन की ट्यूब में हवा भरकर पानी में तलाश कर रही हैं। खबर लिखने जाने तक बच्ची का कोई पता नहीं चल सका।

